फर्नांडो और मेंडिस का अर्धशतक, श्रीलंका ने भारत को 249 रन का लक्ष्य दिया

Ads

फर्नांडो और मेंडिस का अर्धशतक, श्रीलंका ने भारत को 249 रन का लक्ष्य दिया

  •  
  • Publish Date - August 7, 2024 / 06:30 PM IST,
    Updated On - August 7, 2024 / 06:30 PM IST

कोलंबो, सात अगस्त (भाषा) पदार्पण कर रहे रियान पराग ने तीन विकेट चटकाए लेकिन अविष्का फर्नांडो और कुसाल मेंडिस के अर्धशतक से श्रीलंका भारत के खिलाफ तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में बुधवार को यहां सात विकेट पर 248 रन बनाने में सफल रहा।

पहला मैच टाई रहने और फिर दूसरे मैच में 32 रन की जीत के बाद श्रीलंका श्रृंखला में 2-1 से आगे है।

फर्नांडो ने 102 गेंद में नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से 96 रन की पारी खेली। उन्होंने साथी सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका (45) के साथ पहले विकेट के लिए 89 और कुसाल मेंडिस (59) के साथ दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। कुसाल मेंडिस ने 82 गेंद की पारी में चार चौके मारे।

ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने वाले पराग ने नौ ओवर में 54 रन देकर बीच के ओवरों में भारत को वापसी दिलाने की कोशिश की। कुलदीप यादव (36 रन पर एक विकेट), अक्षर पटेल (41 रन पर एक विकेट) और वाशिंगटन सुंदर (29 रन पर एक विकेट) की स्पिन तिकड़ी ने भी एक-एक विकेट चटकाया।

पिच से हालांकि स्पिनरों को शुरुआती दो मैच की तरह मदद नहीं मिल रही थी। फर्नांडो ने शुरुआत से ही आक्रामक रवैया अपनाया। निसांका ने भी बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पर स्लॉग स्वीप से दो छक्के मारे।

अक्षर ने भारत को पहली सफलता दिलाई जब निसांका उनकी ऑफ साइड से बाहर की गेंद को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों में खेल गए। कार दुर्घटना में बुरी तरह घायल होने के बाद पंत अपना पहला एकदिवसीय मैच खेल रहे हैं।

फर्नांडो और कुसाल मेंडिस ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ आसानी से रन जुटाकर श्रीलंका को मजबूत स्थिति में रखा। फर्नांडो ने मोहम्मद सिराज (एक विकेट पर 78 रन) के खिलाफ आसानी से रन जुटाए जिन्होंने दिशाहीन गेंदबाजी की। फर्नांडो ने पुल शॉट से सिराज पर लगातार दो छक्के मारे।

फर्नांडो हालांकि पराग की सीधी गेंद पर पगबाधा हो गए और अपने चौथे एकदिवसीय शतक से चूक गए।

श्रीलंका का स्कोर 36वें ओवर में दो विकेट पर 171 रन था और मेजबान टीम 280 रन के करीब पहुंचने की स्थिति में दिख रही थी।

पराग ने इसके बाद कप्तान चरिथ असलंका (10) को पगबाधा किया और फिर दुनिथ वेलालागे (02) को भी पवेलियन भेजकर श्रीलंका की लय तोड़ी। पराग ने तेजी से स्पिन लेती गेंद पर वेलालागे को बोल्ड किया।

सिराज ने सदीरा समरविक्रम (00) जबकि सुंदर ने जनिथ लियानागे (08) को आउट दिया जिससे श्रीलंका का स्कोर छह विकेट पर 199 रन हो गया। मेजबान टीम ने 28 रन पर पांच विकेट गंवाए।

कुसाल मेंडिस और कामिंदु मेंडिस (नाबाद 23) ने सातवें विकेट के लिए 36 रन जोड़कर टीम का स्कोर 250 रन के करीब पहुंचाया।

दूसरी पारी में पिच से काफी स्पिन मिलने की संभावना है जिससे भारत के लिए लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं होगा।

भाषा सुधीर मोना

मोना