ढाका, आठ जून (भाषा) पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) का अध्यक्ष चुना गया है। वह इस पद पर चुने गए सबसे युवा उम्मीदवार हैं। वह चार साल के लिए इस पद पर रहेंगे।
यह 37 वर्षीय पूर्व खिलाड़ी इससे पहले अप्रैल से तदर्थ समिति के प्रमुख के रूप में कार्य कर रहा है।
क्रिकबज के अनुसार तमीम ने अध्यक्ष चुने जाने के बाद कहा, ‘‘संगठन में बहुत सी कमियां हैं।अगर हम सभी (संवैधानिक सुधार के बारे में) एकमत होते हैं तो हम अगली वार्षिक आम बैठक में उन पर चर्चा करेंगे। यह 12 या 13 लोगों के बोर्ड जैसा नहीं है जहां एक व्यक्ति कुछ कहता है और उस पर अमल कर लिया जाता है।’’
तमीम ने एक क्रिकेटर के रूप में 15 साल के करियर में 70 टेस्ट और 243 वनडे मैच खेले।
इस साल की शुरुआत में मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ करार होने के बावजूद आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद भारत के साथ टकराव के कारण बीसीबी सुर्खियों में था। तमीम उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने भारतीय क्रिकेट बोर्ड से टकराव नहीं लेने की सलाह दी थी।
शेर-ए-बांग्ला राष्ट्रीय स्टेडियम में चुनाव हुए। बीसीबी के 21वें अध्यक्ष बने तमीम को 75 सदस्यों में से 73 मत मिले।
भाषा
पंत
पंत