पेरिस, छह जून (एपी) जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।
दूसरी वरीयता प्राप्त ज्वेरेव ने फाइनल मुकाबले में इटली के 10वीं वरीयता प्राप्त फ्लावियो कोबोली को पांच सेट तक चले रोमांचक संघर्ष में 6-1, 4-6, 6-4, 6-7, 6-1 से पराजित कर अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता।
पहला सेट आसानी से जीतने के बाद ज्वेरेव को 24 वर्षीय कोबोली से कड़ी चुनौती मिली। कोबोली ने दूसरा और चौथा सेट जीतकर मुकाबले को निर्णायक पांचवें सेट तक पहुंचा दिया।
जर्मनी के 29 वर्षीय खिलाड़ी ने अंतिम सेट में अपने अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की और खिताब पर कब्जा जमाया।
टूर्नामेंट की शुरुआत से ही विश्व के तीसरे नंबर के खिलाड़ी ज्वेरेव को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। शीर्ष वरीयता प्राप्त यानिक सिनर दूसरे दौर में बाहर हो गए थे, जबकि दो बार के मौजूदा चैंपियन कार्लोस अल्कारेज दाहिनी कलाई की चोट के कारण टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही हट गए थे।
ऐसे में ज्वेरेव पर लंबे समय से प्रतीक्षित अपने पहले ग्रैंड स्लैम खिताब को जीतने का दबाव बढ़ गया था। उन्होंने फाइनल में जीत दर्ज कर आखिरकार इस सपने को साकार कर लिया।
एपी
आनन्द
आनन्द