Imran Khan Health: इमरान खान के सपोर्ट में क्रिकेट जगत के 14 दिग्गज, गावस्कर-कपिल सहित इन पूर्व कप्तानों ने लिखा पत्र, पाकिस्तान सरकार से की ये 3 मांगें

Ads

इमरान खान के सपोर्ट में क्रिकेट जगत के 14 दिग्गज, गावस्कर-कपिल सहित इन खिलाड़ियों ने लिखा पत्र, Former Cricketers Support Imran Khan For Medical Treatment

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 04:22 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 04:37 PM IST
HIGHLIGHTS
  • 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने इमरान खान की सेहत पर जताई गहरी चिंता।
  • सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित कई दिग्गजों ने पाकिस्तान सरकार को लिखा पत्र।
  • उचित चिकित्सा सुविधा, पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया और सम्मानजनक व्यवहार की मांग।

नई दिल्ली: Imran Khan Health: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर और कपिल देव सहित 14 पूर्व कप्तानों ने जेल में बंद क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान खान के बिगड़ते स्वास्थ्य पर ‘‘गहरी चिंता’’ व्यक्त करते हुए पाकिस्तान सरकार से उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उचित चिकित्सा और सम्मानजनक परिस्थितियां प्रदान करने का आग्रह किया है। इस पत्र पर माइकल एथरटन, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रेयरली, ग्रेग चैपल, इयान चैपल, बेलिंडा क्लार्क, डेविड गावर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट ने भी हस्ताक्षर किए हैं।

लगभग 14 पूर्व कप्तानों ने ‘‘पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों की अपील’’ शीर्षक से पाकिस्तान सरकार को एक पत्र लिखकर इमरान के साथ उचित व्यवहार करने की मांग की। पत्र में कहा गया है, ‘‘हम अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के पूर्व कप्तान, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विश्व क्रिकेट के दिग्गज इमरान खान के साथ कथित व्यवहार और कारावास की स्थितियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पत्र लिख रहे हैं।’’ इसमें कहा गया है, ‘‘उनके स्वास्थ्य को लेकर हाल की रिपोर्टों, विशेष रूप से हिरासत में रहने के दौरान उनकी दृष्टि में खतरनाक गिरावट और पिछले ढाई वर्षों में उनकी कैद की स्थितियों ने हमें गहरी चिंता में डाल दिया है।’’ पत्र के अनुसार, ‘‘हम क्रिकेटर निष्पक्ष खेल, सम्मान और आदर के मूल्यों को समझते हैं जो किसी तरह की सीमा से परे हैं। हम मानते हैं कि इमरान खान जैसे व्यक्ति के साथ एक पूर्व राष्ट्रीय नेता और एक वैश्विक खेल आइकन के तौर पर गरिमा और मानवीय सम्मान के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए।’’

सम्मानजनक व्यवहार की मांग

Imran Khan Health: पत्र में पूर्व कप्तानों ने 73 वर्षीय खान के लिए उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने, पारदर्शी कानूनी प्रक्रियाओं और सम्मानजनक व्यवहार की मांग की है। पत्र में कहा गया है, ‘‘हम पाकिस्तान सरकार से विनम्र निवेदन करते हैं कि वह यह सुनिश्चित करे कि इमरान खान को उनकी कथित स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान के लिए उनकी पसंद के योग्य विशेषज्ञों से तत्काल, पर्याप्त और निरंतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए।’’ पत्र के अनुसार, ‘‘क्रिकेट हमेशा से ही देशों के बीच एक सेतु का काम करता रहा है। मैदान पर हमारा साझा इतिहास हमें याद दिलाता है कि मैच समाप्त होने के साथ ही प्रतिद्वंद्विता समाप्त हो जाती है और सम्मान कायम रहता है। इमरान खान ने अपने पूरे करियर में इसी भावना को मूर्त रूप दिया।’’ पत्र में अधिकारियों से ‘‘शालीनता और न्याय’’ के सिद्धांतों को बनाए रखने अपील की गई है।

सुनाई गई थी 14 साल की जेल

बता दें कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को 2023 में भ्रष्टाचार के एक मामले में 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। ऐसी खबरें आई हैं कि 1992 के विश्व कप विजेता टीम के कप्तान इमरान खान ने रावलपिंडी की अडियाला जेल में उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण अपनी दाहिनी आंख की लगभग 85 प्रतिशत दृष्टि खो दी है।

इन्हें भी पढ़े:-

इमरान खान इस समय कहां बंद हैं?

इमरान खान पाकिस्तान में रावलपिंडी की आदियाला जेल में बंद हैं।

पूर्व कप्तानों ने किस मुद्दे पर पत्र लिखा है?

उन्होंने इमरान खान की बिगड़ती सेहत, विशेष रूप से दृष्टि संबंधी समस्या और जेल की परिस्थितियों को लेकर चिंता जताई है।

किन भारतीय खिलाड़ियों ने इस पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं?

सुनील गावस्कर और कपिल देव ने इस अपील पर हस्ताक्षर किए हैं।

पूर्व कप्तानों की मुख्य मांग क्या है?

इमरान खान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चिकित्सा सुविधा, पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया और सम्मानजनक व्यवहार दिया जाए।

इमरान खान की उम्र कितनी है?

इमरान खान की उम्र 73 वर्ष है।