सेंट लुइस (अमेरिका), 23 अगस्त (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा यहां ग्रैंड चेस (शतरंज) टूर के सेमीफाइनल मुकाबले में जीत के बेहद करीब पहुंचकर भी जर्मनी के विंसेंट कीमर से बाजी ड्रॉ करा बैठे। इस तरह उन्हें अंक साझा करने पर मजबूर होना पड़ा।
अमेरिका के खिलाड़ी वेस्ली सो ने हमवतन फैबियानो कारुआना के खिलाफ सफेद मोहरों से जोखिम लेने से बचने पर ध्यान दिया और आसानी से बाजी ड्रॉ करा ली।
प्रज्ञानानंदा ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए शुरुआत से ही दबाव बनाया। सफेद मोहरों से उन्हें बढ़त हासिल कर लगातार जीत की कोशिश की लेकिन कीमर ने मुश्किल स्थिति में होने के बावजूद धैर्य बनाये रखा।
सेमीफाइनल में एक और क्लासिकल बाजी होगी। इसके बाद अगले दिन रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे। क्लासिकल बाजी में हर मुकाबला छह अंक है। मुकाबला बराबर होने पर दोनों खिलाड़ियों को तीन-तीन अंक मिलेंगे।
रैपिड में जीत के लिए चार अंक और ड्रॉ पर दोनों खिलाड़ियों को दो-दो अंक मिलेंगे। इसके बाद चार ब्लिट्ज बाजियां होंगी, जिसमें प्रत्येक जीत पर दो अंक और ड्रॉ पर एक-एक अंक मिलेगा। हारने वाले खिलाड़ी को कोई अंक नहीं मिलेगा।
सेमीफाइनल में कुल 28 अंक दांव पर होंगे और 15 अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेगा। हारने वाले दोनों सेमीफाइनलिस्ट तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगे।
प्रतियोगिता में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को अगले साल के ग्रैंड चेस टूर में सीधे प्रवेश मिलेगा। खिताब जीतने वाले खिलाड़ी को दो लाख डॉलर की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता