घरामी तिहरे शतक से चूके लेकिन बंगाल का रणजी सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग पक्का

Ads

घरामी तिहरे शतक से चूके लेकिन बंगाल का रणजी सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग पक्का

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 07:45 PM IST

कल्याणी (पश्चिम बंगाल) नौ फरवरी (भाषा) सुदीप कुमार घरामी ऐतिहासिक तिहरा शतक बनाने से बेहद करीब आकर चूक गए लेकिन उनकी 596 गेंद और करीब 15 घंटे की बल्लेबाजी से बंगाल ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के चौथे दिन अपनी पहली पारी में बड़ा स्कोर बनाने के बाद सेमीफाइनल की टिकट लगभग पक्की कर ली है।

डिफेंस में चट्टान की तरह मजबूत और एकाग्रता में अथक इस 26 साल के बल्लेबाज ने 930 मिनट की मैराथन पारी के दौरान 31 चौके और छह छक्के लगा कर 299 रन बनाये जिससे बंगाल ने अपनी पहली पारी में 629 रन बनाये।

पहली पारी में 295 रन पर सिमटने वाली आंध्र ने दूसरी पारी में 64 रन तक तीन विकेट गंवा दिये है और बंगाल को दोबारा बल्लेबाजी के लिए 270 रन और बनाने होंगे। बंगाल को मैच जीतने  के लिए सात विकेट चाहिए लेकिन अगर मुकाबला ड्रॉ रहा तो पहली पारी में बढ़त के आधार पर टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी।

बंगाल क्रिकेट अकादमी में खेले गए इस मुकाबले में घरामी की यह पारी बंगाल के प्रथम श्रेणी इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारियों में शुमार हो गयी हालांकि इसका अंत बेहद निराशाजनक रहा जब शेख रशीद की बेहद नीचे रही गेंद उनके ऑफ स्टंप से टकरा गयी।

वह 299 रन पर आउट होने वाले पहले भारतीय और प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में तीसरे बल्लेबाज़ बन गए। इस सूची में उनसे पहले मार्टिन क्रो और माइक पॉवेल शामिल हैं। डॉन ब्रैडमैन और शांतनु सुगवेकर 299 रन पर नाबाद रहे थे।

उनकी यह पारी 596 गेंदों तक चली और यह किसी भारतीय बल्लेबाज़ की छठी सबसे लंबी प्रथम श्रेणी पारी है।

बंगाल की दिन की शुरुआत पहली पारी में 418 रन पर छह विकेट से हुई। उस समय घरामी 216 रन बनाकर खेल रहे थे। बंगाल पहले से ही मजबूत स्थिति में था, लेकिन आंध्र को मुकाबले से पूरी तरह बाहर करने के लिए टीम को घरामी से और बड़ी पारी की उम्मीद थी और उन्होंने निराश भी नहीं किया।

आंध्र के गेंदबाजों के सामने उन्होंने संयम और धैर्य दिखाया। घरामी ने  विकेटकीपर-बल्लेबाज हबीब गांधी के साथ अहम साझेदारी की। गांधी बीते दिन 45 रन पर नाबाद थे और उन्होंने 95 रन की पारी खेली।

दोनों ने छठे विकेट के लिए 485 गेंदों में 221 रन जोड़े। इस साझेदारी ने आंध्र के गेंदबाजों को पूरी तरह थका दिया। टीम ने आठ गेंदबाजों का इस्तेमाल किया।

बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार ने सबसे ज्यादा 55 ओवर फेंके और 124 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि रशीद सबसे सफल रहे और उन्होंने 12.1 ओवर में 63 रन देकर चार विकेट हासिल किए।

बंगाल ने पहली पारी में 334 रन की बढ़त लेने के बाद मैच पर अपना शिकंजा पूरी तरह से कस दिया है।

आकाशदीप ने शुरुआती ओवरों में ही प्रभावी गेंदबाजी की और छह ओवर के भीतर अभिषेक रेड्डी को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद सूरज सिंधू जायसवाल और शाहबाज अहमद ने भी एक-एक विकेट लिया।

स्टंप्स के समय कप्तान रिकी भुई 18 और नीतीश कुमार रेड्डी एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद है।

भाषा आनन्द मोना

मोना