गिल और किशन के शतक से भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 402 रन बनाए

Ads

गिल और किशन के शतक से भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ 402 रन बनाए

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 05:58 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 05:58 PM IST

लखनऊ, 17 जून (भाषा) कप्तान शुभमन गिल ने बेहद गर्मी और पैर में जकड़न के बावजूद 154 रन की शानदार पारी खेली जबकि इशान किशन ने एकदिवसीय शतक के तीन साल के इंतजार को खत्म करते हुए 125 रन बनाए लेकिन इसके बावजूद अफगानिस्तान ने दूसरे एकदिवसीय मैच में बुधवार को यहां भारत को 402 रन पर आउट कर दिया।

गिल और किशन ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 141 गेंद में 224 रन की तूफानी साझेदारी करके भारत के मजबूत स्कोर की नींव रखी। गिल ने 110 गेंद की अपनी पारी में 22 चौके और दो छक्के मारे जबकि किशन ने 79 गेंद का सामना करते हुए 14 चौके और सात छक्के जड़े।

अगले साल होने वाले विश्व कप पहले अपने प्रयोगों को जारी रखते हुए भारत ने रोहित शर्मा (48) के साथ पारी का आगाज करने के लिए यशस्वी जायसवाल (04) को उतारा।

बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज जायसवाल इस मौके का फायदा नहीं उठा सके और दूसरे ही ओवर में मोहम्मद सलीम की गेंद पर नांगेयालिया खरोटे को कैच दे बैठे।

रोहित ने अपने पुराने अंदाज की झलक दिखाई। पूर्व कप्तान गेंद को बहुत अच्छे से मारे रहे थे और बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहे थे लेकिन राशिद खान (48 रन पर तीन विकेट) की गुगली ने उन्हें चकमा दे दिया और गेंद उनके बल्ले के अंदरूनी हिस्से से लगकर विकेटों से जा टकराई।

गिल और किशन ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने सटीक और बेहतरीन स्ट्रोक खेले जिससे मुश्किल हालात के बावजूद बल्लेबाजी बहुत आसान लग रही थी।

गिल ने बिलाल सामी पर शानदार ड्राइव से चौका लगाते हुए 77 गेंद में अपना नौवां एकदिवसीय शतक पूरा किया जो कप्तान के रूप में उनका पहला शतक है।

किशन ने भी इसी ओवर में लगातार तीन चौकों के साथ 71 गेंद में अपना दूसरा शतक जड़ा। उन्होंने पिछला शतक दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ दोहरे शतक के रूप में बनाया था।

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज की पारी में ताकत और नए तरह के शॉट की झलक दिखी। उन्होंने कुछ शानदार पुल शॉट खेले।

किशन ने अपना दूसरा अर्धशतक सिर्फ 19 गेंद में पूरा किया। वह 37वें ओवर में खरोटे (76 रन पर चार विकेट) की गेंद पर लगातार दो छक्कों के बाद अगली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में स्थानापन्न खिलाड़ी इकराम अलीखिल को कैच दे बैठे।

शतक के करीब पहुंचते-पहुंचते भीषण गर्मी का असर गिल पर दिखने लगा। भारतीय कप्तान को 34वें ओवर के बाद पीठ के इलाज की जरूरत पड़ी और वह काफी थके हुए लग रहे थे।

गिल की शानदार पारी का अंत निराशाजनक तरीके से हुआ जब वह खरोटे की गेंद को रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में दार्विश रसूली को कैच दे बैठे।

गिल के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। टीम ने अगली ही गेंद पर लोकेश राहुल (00) का विकेट गंवाया जबकि श्रेयस अय्यर (26) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए।

अफगानिस्तान ने आखिरी चरण में कुछ हद तक वापसी की जब भारत ने आखिरी 10 ओवर में सात विकेट गंवाए।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता