नोंथाबुरी (थाईलैंड), सात अगस्त (एपी) थाईलैंड में बैंकॉक के बाहरी इलाके में स्थित एक हाई स्कूल में शुक्रवार को एक छात्र द्वारा की गई गोलीबारी में तीन शिक्षकों और तीन विद्यार्थियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
‘रॉयल थाई पुलिस’ के प्रवक्ता त्रैरोंग पिवपन ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना देश की राजधानी के उत्तर-पश्चिम में स्थित नोंथाबुरी प्रांत के ‘देबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल’ में हुई।
बाद में उन्होंने समाचार प्रसारक ‘चैनल 3’ को बताया कि हमलावर छात्र की हालत गंभीर है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि घटना में 15 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि गोलीबारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। ऐसा माना जा रहा है कि बंदूक छात्र के परिवार के ही किसी सदस्य की थी।
प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने इस घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ितों की उचित देखभाल करने का निर्देश दिया है।
घटना के लगभग एक घंटे बाद सामने आई तस्वीरों में लोग स्कूल के बाहर एक-दूसरे को सांत्वना देते दिखे, जबकि पुलिस और बचाव दल स्कूल के अंदर स्थिति का जायजा ले रहे थे।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने संवाददाताओं को बताया कि जब अन्य भवन से गोलियां चलने की आवाजें आईं तो छात्र एक कक्षा के अंदर छिप गए। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बाहर निकाला।
इसी साल फरवरी में दक्षिणी थाईलैंड के एक सरकारी हाई स्कूल में 17 वर्षीय एक लड़के ने पुलिस की बंदूक चुराकर अंधाधुंध गोलीबारी की थी और लोगों को बंधक बना लिया था। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हुए थे।
इससे पहले 2023 में बैंकॉक के एक शॉपिंग मॉल में 14 वर्षीय लड़के द्वारा गोलीबारी किए जाने का मामला सामने आया था।
एपी खारी रंजन
रंजन