आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में दुनिया का नंबर एक बल्लेबाज बनने से गिल एक अंक दूर
आईसीसी एकदिवसीय रैंकिंग में दुनिया का नंबर एक बल्लेबाज बनने से गिल एक अंक दूर
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) भारत के टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान शुभमन गिल के अलावा दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला के बाद बुधवार को जारी नवीनतम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैकिंग में शीर्ष पांच में शामिल हैं। गिल दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल के बेहद करीब हैं।
गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में भारत की 1-2 की हार के दौरान तीन मैच में 188 रन बनाए और वह शीर्ष पर चल रहे मिचेल (802 अंक) से सिर्फ एक अंक पीछे हैं। कोहली (767) और रोहित (758) क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
भारत के खिलाफ श्रृंखला में अजेय रहते हुए 249 रन बनाने वाले इंग्लैंड के जो रूट चार स्थान की छलांग के साथ आठवें पायदान पर हैं। टीम के उनके साथी बेन डकेट भी 11 स्थान की लंबी छलांग के साथ संयुक्त 19वें पायदान पर हैं। जैकब बेथेल भी पांच स्थान के फायदे से 64वें स्थान पर हैं।
भारत के नव नियुक्त टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान श्रेयस अय्यर एकदिवसीय रैंकिंग में दो स्थान के फायदे से 13वें पायदान पर हैं।
भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव गेंदबाजों की सूची में शीर्ष 10 से बाहर होकर 11वें स्थान पर हैं। अफगानिस्तान के राशिद खान गेंदबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं।
भारत के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में पांच विकेट चटकाने वाले इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर एक स्थान के फायदे से पाकिस्तान के अबरार अहमद के बाद तीसरे स्थान पर हैं।
भाषा सुधीर मोना
मोना

Facebook


