हारिस की अर्धशतकीय पारी से पाकिस्तान ने ओमान को दिया 161 रन का लक्ष्य

हारिस की अर्धशतकीय पारी से पाकिस्तान ने ओमान को दिया 161 रन का लक्ष्य

हारिस की अर्धशतकीय पारी से पाकिस्तान ने ओमान को दिया 161 रन का लक्ष्य
Modified Date: September 12, 2025 / 09:58 pm IST
Published Date: September 12, 2025 9:58 pm IST

दुबई, 12 सितंबर (भाषा) मोहम्मद हारिस की 66 रन की पारी के दम पर पाकिस्तान ने एशिया कप टी20 मैच में शुक्रवार को यहां ओमान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 160 रन बनाये।

हारिस ने 43 गेंद की पारी में सात चौके और तीन छक्के जड़ने के अलावा साहिबजादा फरहान (29) के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 गेंद में 85 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी।

ओमान के लिए शाह फैसल और आमिर कलीम ने तीन-तीन विकेट लिये।

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन फैसल ने मैच की दूसरी गेंद पर सईम आयुब को खाता खोले बगैर पवेलियन भेज कर ओमान को शानदार शुरुआत दिलाई ।

अगले ओवर में ही शकील अहमद की गेंद पर कलीम ने फरहान का आसान कैच टपकाकर जीवनदान दिया।

ओमान के गेंदबाजों ने पाकिस्तान को पावरप्ले में बड़ा शॉट खेलने से रोके रखा लेकिन फरहान ने छठे ओवर में आमिर के खिलाफ चौका लगाया जबकि हारिस ने लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर रनगति को तेज किया। पाकिस्तान ने ओवर से 16 रन बटोरे जिससे पावरप्ले के बाद टीम का स्कोर एक विकेट पर 47 रन हो गया।

फरहान ने अगले ओवर में मोहम्मद नदीम के खिलाफ दो रन चुराकर हारिस के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की।

हारिस ने समय श्रीवास्तव के खिलाफ अपनी पारी का दूसरा छक्का जड़ने के बाद सुफियान महमूद के खिलाफ छक्के के साथ 32 गेंद में टी20 करियर का पहला अर्धशतक पूरा किया।

आमिर ने 11वें ओवर में अपनी ही गेंद पर फरहान के कैच को पकड़कर पवेलियन की राह दिखाने के बाद अपने अगले ओवर में लगातार गेंदों पर मोहम्मद हारिस और कप्तान सलमान अगा को चलता किया। हारिस रिवर्स स्वीप की कोशिश में गेंद को विकेट पर खेल गये जबकि अगा फुलटॉस गेंद पर आसान कैच देकर आउट हुए।

शाह फैसल ने हसन नवाज (नौ) को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। आखिरी ओवरों में हसन नवाज ने 10 गेंद में 19 जबकि फखर जमां ने 16 गेंद में नाबाद 23 रन बनाकर टीम के स्कोर को 160 रन तक पहुंचाया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में