आस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ियों के सड़क पर रहने को हसन सरदार, समीउल्लाह ने बताया शर्मनाक

Ads

आस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी हॉकी खिलाड़ियों के सड़क पर रहने को हसन सरदार, समीउल्लाह ने बताया शर्मनाक

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 04:41 PM IST

कराची, 14 फरवरी (भाषा) महान हॉकी खिलाड़ी हसन सरदार और समीउल्लाह ने पाकिस्तानी हॉकी महासंघ द्वारा होटल के बिल नहीं भरने के कारण खिलाड़ियों के आस्ट्रेलिया में घंटों सड़क पर बिताने की घटना को शर्मनाक बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है ।

पाकिस्तान हॉकी टीम के सदस्यों को कैनबरा पहुंचने पर कई घंटे सड़क पर बिताने पड़े क्योंकि धन के अभाव में पाकिस्तान हॉकी महासंघ होटल के बिल का भुगतान नहीं कर सका जिससे होटल बुकिंग रद्द हो गई ।

पाकिस्तानी टीम होबर्ट में एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के मैच खेलने आस्ट्रेलिया में है ।

ओलंपियन और पूर्व कप्तान समीउल्लाह ने कहा ,‘‘ प्रधानमंत्री के पास क्रिकेट के लिये काफी समय है लेकिन वह पीएचएफ के मुख्य संरक्षक भी हैं और मैं उनसे अनुरोध करूंगा कि हॉकी में भी सब कुछ ठीक करें । यह शर्मनाक है ।’’

ओलंपियन और पूर्व कप्तान हसन सरदार ने कहा ,‘‘ सोचो कि खिलाड़ियों का मनोबल कितना टूटा होगा और शीर्ष टीमों के खिलाफ कठिन टूर्नामेंट से पहले सहयोगी स्टाफ पर क्या गुजरी होगी ।’

उन्होंने कहा ,‘‘ सरकार को पूरे मामले की जांच करानी चाहिये कि टीम को हुई इस शर्मिंदगी के लिये कौन जिम्मेदार है ।’’

इस बीच आस्ट्रेलिया में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की दुर्दशा का और भी शर्मनाक ब्यौरा सामने आ रहा है । एक खिलाड़ी ने कहा कि दौरे की शुरूआत से सब कुछ बुरे सपने जैसा था जबकि उन्हें सर्वश्रेष्ठ सुविधाओं और यात्रा बंदोबस्त का वादा किया गया था ।

उन्होंने कहा ,‘‘ पहले हमारे वीजा रोक लिये गए क्योंकि पीएचएफ से किसी ने आवेदन फॉर्म सही नहीं भरे थे । सारी औपचारिकतायें पूरी होने के बाद आखिरी में हम पांच फरवरी को रवाना हुए ।’’

भाषा

मोना नमिता

नमिता

शीर्ष 5 समाचार