कोलकाता, 22 जून (भाषा) कप्तान शाहाबाज अहमद ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए नाबाद 88 रन बनाए जिससे श्रची राढ़ टाइगर्स ने सोबिस्को स्मैशर्स मालदा को बारिश से प्रभावित मैच में डकवर्थ लुइस पद्धति से नौ रन से हराकर बंगाल टी20 लीग का अपना पहला खिताब जीता।
मैच को दोनों टीमों के लिए 15-15 ओवरों का कर दिए जाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी राढ़ टाइगर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 10 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद हालांकि उसने शानदार वापसी करके चार विकेट पर 165 रन बनाए।
शाहाबाज ने अपनी 46 गेंद की पारी में सात चौके और छह छक्के लगाए। गौरव सिंह चौहान ने 30 गेंदों में 55 रन बनाकर उनका बखूबी साथ दिया।
बारिश के व्यवधान के कारण मालदा के सामने नौ ओवर में 107 रन का लक्ष्य रखा गया लेकिन उसकी टीम पांच विकेट पर 97 रन ही बना पाई। उसकी तरफ से अभिमन्यु ईश्वरन ने सर्वाधिक 38 रन बनाए।
भाषा
पंत
पंत