मुख्य कोच गंभीर ने न्यूजीलैंड टेस्ट की तैयारी के लिए बल्लेबाजों को ब्रेक देने के संकेत दिए

Ads

मुख्य कोच गंभीर ने न्यूजीलैंड टेस्ट की तैयारी के लिए बल्लेबाजों को ब्रेक देने के संकेत दिए

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 04:04 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 04:04 PM IST

नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) मुख्य कोच गौतम गंभीर ने संकेत दिया कि भारत के कुछ शीर्ष बल्लेबाजों को न्यूजीलैंड के आगामी बहु-प्रारूप दौरे के दौरान सफेद गेंद के क्रिकेट से ब्रेक दिया जा सकता है, ताकि वे टेस्ट क्रिकेट की तैयारी पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

उन्होंने कम समय में 50 ओवर के क्रिकेट से पांच दिवसीय टेस्ट क्रिकेट में बदलाव की चुनौती पर जोर देते हुए यह संकेत दिया।

गंभीर ने न्यूजीलैंड का स्पष्ट रूप से उल्लेख नहीं किया, लेकिन लंबे दौरे का कार्यक्रम ऐसा है कि भारत 19 नवंबर से वेलिंगटन में पहला टेस्ट खेलेगा जो न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और अंतिम वनडे के केवल तीन दिन बाद ही होगा। इस लंबे दौरे में अलग-अलग प्रारूपों में कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे।

भारत के घरेलू सत्र से पहले ‘जियो स्टार’ से बात करते हुए गंभीर ने कहा, ‘‘अक्सर टेस्ट मैच की तैयारी के लिए आपको अपने बल्लेबाजों को सफेद गेंद के क्रिकेट से भी ब्रेक देना पड़ता है, ताकि वे टेस्ट क्रिकेट के लिए बदलाव कर सकें, क्योंकि टी20 से वनडे क्रिकेट में आना आसान होता है। ’’

दो टेस्ट की सीरीज से पहले सिर्फ दो दिन की ट्रेनिंग के कारण हो सकता है कि कप्तान शुभमन गिल, विकेटकीपर-बल्लेबाज केएल राहुल, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के साथ ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और नीतिश रेड्डी जैसे कुछ शीर्ष वनडे खिलाड़ी डब्ल्यूटीसी मैच की तैयारी के लिए कुछ वनडे मैच नहीं खेलें।

गंभीर को यह भी लगता है कि आगे चलकर, कोच और चयनकर्ता की इच्छा के बावजूद खेल में सभी प्रारूप में खेलने वाले बहुत कम खिलाड़ी ही बचेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘देखिए, किसी भी कोच के लिए यह बहुत जरूरी है कि अधिक से अधिक खिलाड़ी तीनों प्रारूप में खेलें क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में निरंतरता बहुत जरूरी है। ’’

घरेलू मैदान पर होने वाली आगामी वेस्टइंडीज वनडे सीरीज के साथ भारत अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 2027 विश्व कप के लिए अपनी तैयारियां शुरू करेगा। हालांकि, इस दौरान जसप्रीत बुमराह (एशियाई खेलों के कारण) और हार्दिक पंड्या (अभी वनडे में 10 ओवर गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं) टीम में नहीं होंगे।

गंभीर ने कहा कि 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भारत की वनडे योजनाओं में ये दोनों अनुभवी खिलाड़ी बेहद महत्वपूर्ण हैं।

गंभीर ने कहा, ‘‘चाहे हार्दिक हों या जसप्रीत बुमराह, दक्षिण अफ्रीका में हमारे लिए दोनों बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं। अगर आप जस्सी की बात करें या हार्दिक की, तो बहुत कम टीम के पास ऐसा खिलाड़ी है जो आपके लिए 10 ओवर गेंदबाजी कर सके, साथ ही नंबर छह या सात पर बल्लेबाजी कर सके और उसके साथ इतना प्रभाव भी डाल सके। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर