पिछले निराशाजनक मैच के बाद अब बहुत अच्छा लग रहा है : मिलर

Ads

पिछले निराशाजनक मैच के बाद अब बहुत अच्छा लग रहा है : मिलर

  •  
  • Publish Date - April 18, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - April 18, 2026 / 08:44 PM IST

बेंगलुरु, 18 अप्रैल (भाषा) डेविड मिलर ने दो छक्के जड़कर दिल्ली कैपिटल्स को शनिवार को यहां हुए आईपीएल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर एक रोमांचक जीत दिलाने बाद कहा कि बहुत अच्छा लग रहा है क्योंकि उन्होंने हालिया नाकामी की भरपाई करते हुए दबाव में आखिरी ओवर में शानदार शॉट लगाए।

गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच खत्म नहीं कर पाने के लिए उन्हें कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था क्योंकि तब दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए दो गेंदों पर सिर्फ दो रन चाहिए थे।

लेकिन मिलर ने शानदार अंदाज में आखिरी ओवर में रोमारियो शेफर्ड को दो छक्के जड़कर दिल्ली की टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया जबकि एक गेंद बाकी थी।

मैच के बाद मिलर ने कहा, ‘‘बहुत अच्छा लग रहा है। पिछला मैच निराशाजनक था, लेकिन आज इसे पूरा करके अच्छा लग रहा है। जब तक आप कोई दूसरा मैच नहीं जीत लेते, तब तक वह बात हमेशा आपके दिमाग में कहीं न कहीं बनी रहती है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने मेरे लिए छह यॉर्कर गेंदें फेंकीं और मैं खुलकर खेल नहीं पा रहा था, लेकिन खुशी है कि आखिरी छह ओवरों में मैं सफल रहा। ’’

मिलर ने अपने साथी ट्रिस्टन स्टब्स (60 रन) को भी श्रेय दिया। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए स्टब्स ने कहा, ‘‘मैं चेंजिंग रूम में पूरी तरह से तैयार नहीं था। मैंने बस गेंद को देखने और उसी हिसाब से खेलने के बारे में सोचा। मैं बहुत जल्दी क्रीज पर आ गया था और पावरप्ले के आखिरी दो ओवरों में मुझे लगा कि मैं कुछ बड़े शॉट खेल सकता हूं। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द