रोसारियो (अर्जेंटीना), 21 जुलाई (एपी) अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी विश्व कप फाइनल में स्पेन से हार के बाद मंगलवार को कुछ दिनों के विश्राम के लिए स्वदेश लौट आए।
उनका निजी विमान अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित फोर्ट लॉडरडेल से उड़ान भरने के बाद सुबह 6:27 बजे उनके गृहनगर रोसारियो के निकट उतरा।
हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में प्रशंसक झंडे और स्वागत संदेशों के साथ मौजूद थे, लेकिन मेस्सी सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए। समर्थकों को केवल उस एसयूवी की एक झलक देखने को मिली, जो उन्हें और उनके परिवार को ब्यूनस आयर्स से लगभग 300 किलोमीटर दूर फ्यूनेस स्थित उनके निजी आवास तक लेकर गई।
मेस्सी के साथ उनकी पत्नी एंटोनेला रोक्कुजो और तीनों बच्चे भी थे। ये सभी विश्व कप के दौरान उनके साथ थे।
रोसारियो में उनके 68 वर्षीय पिता जॉर्ज मेस्सी भी उनका इंतजार कर रहे थे। परिवार ने विश्व कप के दौरान बताया था कि वह एक अज्ञात बीमारी का इलाज करा रहे हैं।
मेस्सी की एक झलक पाने के लिए कई प्रशंसक तड़के साढ़े तीन बजे से ही हवाई अड्डे पर पहुंच गए थे।
अर्जेंटीना की जर्सी पहने दो बच्चियां स्वागत संदेश लिए खड़ी थीं। एक पोस्टर पर लिखा था, ‘‘मेस्सी, आप एक ‘लीजेंड’ हैं। हमारे दिलों में खुशी भरने के लिए धन्यवाद। पूरा देश आपसे प्यार करता है।’’
मेस्सी जुलाई के अंत या अगस्त की शुरुआत में मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) के मौजूदा सत्र के लिए इंटर मियामी टीम से दोबारा जुड़ेंगे।
इससे पहले मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी की अगुआई में अर्जेंटीना की 26 सदस्यीय विश्व कप टीम के 15 खिलाड़ी सोमवार को चार्टर्ड विमान से ब्यूनस आयर्स के एजेइज़ा हवाई अड्डे पहुंचे थे।
अर्जेंटीना को रविवार को न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड में खेले गए विश्व कप फाइनल में स्पेन के खिलाफ अतिरिक्त समय में 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था। स्पेन के लिए फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल किया।
यह मेस्सी के करियर का तीसरा विश्व कप फाइनल था। इससे पहले वह 2014 और 2022 के फाइनल में भी खेल चुके हैं।
उन्होंने इस विश्व कप में आठ गोल किए और गोल्डन बूट की दौड़ में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे (10 गोल) के बाद दूसरे स्थान पर रहे।
विश्व कप इतिहास में सर्वाधिक 22 गोल के साथ एम्बाप्पे शीर्ष पर हैं, जबकि मेस्सी 21 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
एपी आनन्द सुधीर
सुधीर