मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला फिडे मास्टर (डब्ल्यूएफएम) प्रतीति बोरदोलोई ने सोमवार को यहां सातवें दौर में महिला कैंडिडेट मास्टर (डब्ल्यूसीएम) आद्या गौड़ा पर महत्वपूर्ण जीत हासिल करते हुए एशियाई जूनियर क्लासिकल शतरंज चैंपियनशिप में महिला वर्ग में एकल बढ़त हासिल कर ली।
इस जीत के साथ प्रतीति के कुल सात में से छह अंक हो गए और वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आधा अंक आगे हो गईं।
इससे पहले तुर्कमेनिस्तान की महिला चैंपियन शोहराडोवा लैला उनके साथ संयुक्त बढ़त पर थी लेकिन शिवमशिका जी के साथ ड्रॉ खेलने के कारण वह 5.5 अंक के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई।
फिडे मास्टर (एफएम) एम प्रिशिता गुप्ता ने डब्ल्यूएफएम निवेदिता वी सी पर जीत हासिल करके खिताब के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की। उनके 5.5 अंक हो गए हैं और वह संयुक्त दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैंं। कजाकिस्तान की डब्ल्यूएफएम मारिया खोल्यावको और डब्ल्यूसीएम दक्षिता कुमावत के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा और दोनों के समान पांच अंक हो गए।
ओपन चैंपियनशिप में शीर्ष वरीयता प्राप्त और संभावित ग्रैंडमास्टर मयंक चक्रवर्ती ने सात राउंड पूरे होने के बाद अपनी एकमात्र बढ़त बरकरार रखी।
मयंक का मुकाबला इंटरनेशनल मास्टर विग्नेश अद्वैत वेमुला से ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन यह परिणाम उनके लिए सात में से छह अंक हासिल करने और बाकी खिलाड़ियों से आधा अंक आगे रहने के लिए पर्याप्त था।
रूस के इंटरनेशनल मास्टर आर्टेम पिंगिन को दक्ष गोयल ने अप्रत्याशित रूप से ड्रॉ पर रोक दिया, जबकि एफएम शर्नार्थी वीरेश तुर्कमेनिस्तान के एफएम अमनमुहम्मेट होम्मादोव पर जीत हासिल कर 5.5 अंक पर पहुंच गए हैं।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर