एएफसी अंडर-20 एशियाई कप क्वालीफायर्स में उज्बेकिस्तान, सीरिया और बांग्लादेश के साथ भारत

Ads

एएफसी अंडर-20 एशियाई कप क्वालीफायर्स में उज्बेकिस्तान, सीरिया और बांग्लादेश के साथ भारत

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 05:26 PM IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) भारतीय अंडर-20 पुरुष टीम को एएफसी अंडर-20 एशियाई कप चीन 2027 क्वालीफायर्स के लिए ग्रुप बी में उज्बेकिस्तान, सीरिया और बांग्लादेश के साथ रखा गया है। ये क्वालीफायर्स 25 अगस्त से छह सितंबर तक ताशकंद में होंगे। ये मैच केंद्रीकृत एकल राउंड रोबिन प्रारूप में खेले जाएंगे। इस साल की शुरुआत में घोषित एएफसी युवा प्रतियोगिताओं के नए प्रारूप के अनुसार एएफसी अंडर-20 एशियाई कप क्वालीफायर्स में एक दो-चरणों वाली प्रणाली शुरू की गई है जिसमें प्रमोशन (बड़ी लीग में जाना) और रेलिगेशन (निचली लीग में खिसकना) का तंत्र शामिल है। क्वालीफिकेशन चरण में 32 टीम को चार-चार टीम के आठ समूह में बांटा गया है। इन ग्रुप के विजेता और सभी ग्रुप में से सात सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम एएफसी अंडर-20 एशियाई कप के 43वें सत्र के लिए आगे बढ़ेंगी। साथ ही सभी ग्रुप में से सबसे कम रैंकिंग वाली छह चौथे स्थान पर रहने वाली टीम को अगले सत्र के डेवलपमेंट चरण में भेज दिया जाएगा। क्वालीफायर्स के डेवलपमेंट चरण के लिए 12 टीम को चार-चार टीम के तीन ग्रुप में बांटा गया है। इन तीन ग्रुप के विजेता और हर ग्रुप की तीन दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को अगले सत्र के क्वालीफिकेशन चरण में जगह मिलेगी। टीमों की वरीयता पिछले तीन सत्र (2018, 2023, 2025) में उनके प्रदर्शन और प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीम की संख्या के आधार पर दी गई है। भारत की 20वीं रैंक वाली टीम को क्वालीफिकेशन चरण में पॉट तीन में रखा गया था। भारत का लक्ष्य 2006 के बाद पहली बार एएफसी अंडर-20 एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करना होगा। 2006 में भारत ने ही इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। इस टूर्नामेंट में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1974 में ईरान के साथ संयुक्त विजेता बनना था।पिछले सत्र (2025) में भारत गोल अंतर के आधार पर क्वालीफाई करने से बहुत कम अंतर से चूक गया था। क्वालीफिकेशन चरण के ग्रुप: ग्रुप ए: कोरिया गणराज्य, किर्गिस्तान (मेजबान), फिलिपींस, लेबनान ग्रुप बी: उज्बेकिस्तान (मेजबान), सीरिया, भारत, बांग्लादेश ग्रुप सी: ईरान, वियतनाम (मेजबान), उत्तर कोरिया, फलस्तीन ग्रुप डी: जोर्डन, ताजिकिस्तान, बहरीन (मेजबान), अफगानिस्तान ग्रुप ई: सऊदी अरब, कतर (मेजबान), ओमान, हांगकांग ग्रुप एफ: इराक, थाईलैंड (मेजबान), यूएई, तुर्कमेनिस्तान ग्रुप जी: जापान, यमन, कंबोडिया (मेजबान), कुवैत ग्रुप एच: ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, मलेशिया, लाओस (मेजबान) डेवलपमेंट चरण के ग्रुप: ग्रुप आई: मंगोलिया (मेजबान), गुआम, नेपाल, उत्तरी मारियाना द्वीप ग्रुप जे: चीनी ताइपे, सिंगापुर, भूटान (मेजबान), मकाऊ ग्रुप के: म्यांमार (मेजबान), मालदीव, ब्रुनेई दारुस्सलाम, श्रीलंका.

भाषा सुधीर नमितानमिता