पाथुम थानी (थाईलैंड), आठ अप्रैल (भाषा) भारतीय अंडर-20 महिला टीम ने अपने अंतिम ग्रुप सी मैच में बुधवार को यहां चीनी ताइपे को 3-1 से हराकर एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप 2026 के नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीदों को जीवंत रखा है।
भारतीय फारवर्ड शिवानी देवी नोंगमेइकापम ने दो गोल दागे। उन्होंने 32वें मिनट में गोल करने के बाद 87वें मिनट में पेनल्टी को भी गोल में बदला। इससे पहले भूमिका देवी खुमुकचाम ने 26वें मिनट में गोल दागकर भारतीय टीम को बढ़त दिलाई।
स्थानापन्न खिलाड़ी काओ सिन ने चीनी ताइपे के लिए एकमात्र गोल दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के तीसरे मिनट में किया।
यह 2004 से एएफसी अंडर-20 महिला एशियाई कप में भारत की पहली जीत है।
इस जीत की बदौलत भारत ग्रुप सी में तीन मैच में तीन अंक से तीसरे स्थान पर रहा।
भारत को अब उम्मीद होगी कि जोर्डन और उज्बेकिस्तान के बीच आज होने वाला ग्रुप बी मैच ड्रॉ रहे जिससे कि टीम सभी ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीम में से एक के रूप में क्वार्टर फाइनल में जगह बना सके।
भारत को अपने शुरुआती दो मैच में जापान (0-6) और ऑस्ट्रेलिया (0-5) के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा था और टूर्नामेंट में अपनी उम्मीद बरकरार रखने के लिए उसे चीनी ताइपे के खिलाफ हर हाल में जीत की जरूरत थी।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द