साल के अंत में श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल सकता है भारत
साल के अंत में श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल सकता है भारत
मुंबई, छह जून (भाषा) भारत इस वर्ष के अंत में श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के अलावा तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल सकता है।
यह टेस्ट श्रृंखला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा होगी।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में 15 दिन का समय उपलब्ध है इसलिए तीन टी20 मैचों की श्रृंखला आयोजित करने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।
इस बीच, नेपाल क्रिकेट संघ ने भी बीसीसीआई से अपनी ए टीम भेजने का अनुरोध किया है, ताकि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय श्रृंखला आयोजित की जा सके।
अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि विदेशी टी20 लीगों में खेलने के लिए पूर्व भारतीय खिलाड़ियों पर पांच वर्ष की अनिवार्य ‘कूलिंग-ऑफ’ अवधि लागू करने पर फिलहाल कोई विचार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, इस विषय पर नीति का मसौदा तैयार करने के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है।
‘कूलिंग ऑफ’ अवधि अगर लागू होती है तो बीसीसीआई के तहत होने वाले क्रिकेट से संन्यास के बाद खिलाड़ी किसी अन्य टूर्नामेंट में पांच साल तक नहीं खेल पाएंगे।
अधिकारी ने शनिवार को कहा, “नीति का प्रारूप तैयार करने के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, लेकिन किसी विशेष अवधि की कूलिंग-ऑफ व्यवस्था लागू करने पर फिलहाल कोई चर्चा नहीं हो रही है।”
विदेशी टी20 लीगों में खेलने से पहले पूर्व भारतीय खिलाड़ियों के लिए कूलिंग-ऑफ अवधि लागू करने का मुद्दा पिछले कुछ वर्षों से चर्चा में है, लेकिन बोर्ड ने अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


