भारत फ्रीस्टाइल टीम चैंपियन बना, 27 पदक के साथ अभियान खत्म किया
भारत फ्रीस्टाइल टीम चैंपियन बना, 27 पदक के साथ अभियान खत्म किया
डा नैंग (वियतनाम), 27 मई (भाषा) भारतीय पुरुषों की फ्रीस्टाइल टीम अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में निर्विवाद चैंपियन बनकर उभरी जबकि देश ने अलग-अलग वर्ग में कुल 27 पदक जीतकर बुधवार को अपना अभियान खत्म किया।
फ्रीस्टाइल टीम ने किर्गिस्तान और कजाखस्तान जैसे ताकतवर देशों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। ये दोनों देश क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
भारत ने फ्रीस्टाइल, महिला कुश्ती और ग्रीको रोमन वर्ग में 11 स्वर्ण, सात रजत और नौ कांस्य पदक जीते।
चैंपियनशिप जीतने वाली फ्रीस्टाइल टीम ने नौ पदक के साथ अपना अभियान खत्म किया जिसमें चार स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल रहे।
अक्षय टी धेरे (57 किग्रा) और विक्की (97 किग्रा) ने स्वर्ण मेडल जीतकर शानदार शुरुआत की। इस लय को बरकरार रखते हुए कुमार मोहित (65 किग्रा) और चंदरमोहन (79 किग्रा) ने भी स्वर्ण पदक जीते।
दीपक राठी (61 किग्रा), पुनीत कुमार (92 किग्रा) और लकी (125 किग्रा) ने रजत पदक जीते जबकि दीपक बेरवाल (74 किग्रा) और सचिन मोर (82 किग्रा) ने फ्रीस्टाइल वर्ग में कांस्य पदक जीते।
भारत की महिला पहलवानों ने भी पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और शानदार प्रदर्शन करते हुए दस पदक जीतने जिसमें छह स्वर्ण पदक शामिल रहे।
ग्रीको रोमन में भारतीय पहलवानों ने टूर्नामेंट की शुरुआत में ही आठ पदक जीतकर एक मजबूत नींव रखी।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


