भारत मैत्री फुटबॉल मैच के लिए 26 सितंबर को पनामा की मेजबानी करेगा
भारत मैत्री फुटबॉल मैच के लिए 26 सितंबर को पनामा की मेजबानी करेगा
नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने मंगलवार को बताया कि भारतीय फुटबॉल टीम 26 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच में पनामा की मेजबानी करेगी।
मुकाबले के आयोजन स्थल की घोषणा बाद में की जाएगी। यह दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला होगा।
पनामा फीफा की ताजा रैंकिंग में 44वें स्थान पर है और 2026 विश्व कप में भी खेल चुका है। ऐसे में कोच खालिद जमील की टीम के लिए यह मुकाबला कड़ी परीक्षा होगी।
पनामा के खिलाफ मैच इस साल विश्व कप में खेलने वाली टीमों के खिलाफ भारत के चार प्रस्तावित मुकाबलों में पहला होगा। भारत को तीन अक्टूबर को ब्राजील से भिड़ना है, जबकि 12 और 15 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले प्रस्तावित हैं।
एआईएफएफ के उप महासचिव एम. सत्यनारायण ने कहा, ‘‘ब्राजील के खिलाफ मैच से पहले पनामा के खिलाफ मुकाबला हमारे लिए कड़ी चुनौती होगा। पनामा दुनिया की शीर्ष-50 टीमों में है। यह खालिद जमील की टीम के लिए कड़ी परीक्षा होगी।”
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय खिलाड़ियों को इस तरह की मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का जरूरी अनुभव मिलेगा। आमतौर पर भारत को विश्व कप में खेलने वाली टीमों के खिलाफ मुकाबले खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिलते, इसलिए यह फीफा अंतरराष्ट्रीय विंडो भारतीय टीम के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।’’
भाषा
आनन्द
आनन्द

Facebook


