इंडियन एथलेटिक्स सीरीज: महिला ऊंची कूद में पूजा का दबदबा

इंडियन एथलेटिक्स सीरीज: महिला ऊंची कूद में पूजा का दबदबा

इंडियन एथलेटिक्स सीरीज: महिला ऊंची कूद में पूजा का दबदबा
Modified Date: June 14, 2026 / 09:33 pm IST
Published Date: June 14, 2026 9:33 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 14 जून (भाषा) युवा एथलीट पूजा ने रविवार को यहां इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में महिलाओं की ऊंची कूद में दबदबा बनाते हुए खिताब जीता जबकि डेविड पी ने पुरुषों की लंबी कूद में पहला स्थान हासिल किया।

उन्नीस साल की पूजा ने 1.81 मीटर की ऊंचाई पार करके आसानी से जीत हासिल की। ​​उन्होंने हाल ही में हांगकांग में हुई एशियाई अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1.93 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। तमिलनाडु की गिजी जॉर्ज (1.64 मीटर) और रेलवे की सलीहा केएच (1.60 मीटर) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा अधिक रोमांचक रहीं जिसमें एनसीओई बेंगलुरु के डेविड ने उत्तर प्रदेश के शाहनवाज खान को पीछे छोड़ते हुए खिताब जीता।

डेविड ने 8.22 मीटर का विजयी प्रयास किया जबकि शाहनवाज का सर्वश्रेष्ठ प्रयास 8.17 मीटर रहा।

महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में जेएसडब्ल्यू की रशदीप कौर ने 53.32 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में