ओडिशा और मध्य प्रदेश जूनियर राष्ट्रीय हॉकी के फाइनल में
ओडिशा और मध्य प्रदेश जूनियर राष्ट्रीय हॉकी के फाइनल में
कोयंबटूर (तमिलनाडु), छह अगस्त (भाषा) ओडिशा और मध्य प्रदेश ने बृहस्पतिवार को यहां अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबलों में विपरीत अंदाज में जीत दर्ज करते हुए हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली।
ओडिशा ने पहले सेमीफाइनल में पंजाब को 6-4 से हराया। ओडिशा की ओर से बिलकन ओराम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई।
ओराम ने 28वें, 41वें और 52वें मिनट में गोल किए जबकि ओडिशा की ओर से आलोक कुजूर (11वें मिनट), कप्तान दीपक प्रधान (37वें मिनट) और अमित किरो (59वें मिनट) ने भी गोल दागे।
पंजाब की ओर से अमनदीप (सातवें मिनट), मनदीप (आठवें मिनट), अजयपाल सिंह (34वें मिनट) और अमनदीप (42वें मिनट) ने गोल किए।
दूसरे सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश ने झारखंड को 2-0 से हराया। मध्य प्रदेश ने अंतिम क्षणों में दोनों गोल किए।
राजवीर सिंह ने 56वें मिनट में गोल करके मध्य प्रदेश का खाता खोला जबकि आशीष आदिल खान ने दो मिनट बाद एक और गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
ओडिशा और मध्य प्रदेश के बीच फाइनल आठ अगस्त को खेला जाएगा। वहीं पंजाब और झारखंड की टीम उसी दिन पहले तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में आमने-सामने होंगी।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


