एआईएफएफ ने जमशेदपुर एफसी को आईएसएल से हटने के फैसले पर पुनर्विचार के लिए 12 अगस्त तक का समय दिया
एआईएफएफ ने जमशेदपुर एफसी को आईएसएल से हटने के फैसले पर पुनर्विचार के लिए 12 अगस्त तक का समय दिया
नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ(एआईएफएफ) ने बृहस्पतिवार को जमशेदपुर एफसी को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) से हटने के अपने फैसले पर पुनर्विचार के लिए दी गई समय सीमा बढ़ा दी। टाटा स्टील के मालिकाना हक वाले इस क्लब को अपने रुख पर विचार करने के लिए 12 अगस्त तक का समय दिया गया है।
यह फैसला यहां एआईएफएफ की कार्यकारी समिति की बैठक में किया गया। बैठक में सदस्यों ने नए क्लब आधारित व्यावसायिक मॉडल को अपनाने के बाद चार सितंबर से शुरू होने वाले आईएसएल सत्र की तैयारियों की समीक्षा की।
कार्यकारी समिति की बैठक के बाद महासंघ ने एक बयान में कहा, ‘‘एआईएफएफ जमशेदपुर एफसी को अपने फैसले पर दोबारा सोचने के लिए अतिरिक्त समय देगा और समय सीमा बढ़ाकर 12 अगस्त 2026 कर दी गई है।’’
एआईएफएफ ने कहा, ‘‘कार्यकारी समिति ने नए क्लब आधारित व्यावसायिक मॉडल को अपनाने के बाद इंडियन सुपर लीग 2026-27 सत्र की तैयारियों की भी समीक्षा की। सदस्यों को सत्र की संचालन योजना में हिस्सा लेने वाले क्लबों और महासंघ की प्रगति के बारे में जानकारी दी गई।’’
टाटा समूह ने साफ कर दिया है कि आईएसएल से जेएफसी का हटना एक पहले से सोचा-समझा रणनीतिक फैसला था जिससे कि कंपनी जमीनी स्तर पर फुटबॉल विकास के अपने मुख्य मकसद पर वापस लौट सके।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


