भारतीय मुक्केबाजों को दो स्वर्ण, राणा ने पैरा एथलेटिक्स में स्वर्ण जीता
भारतीय मुक्केबाजों को दो स्वर्ण, राणा ने पैरा एथलेटिक्स में स्वर्ण जीता
ग्लास्गो, एक अगस्त (भाषा) भारतीय मुक्केबाजों प्रीति पवार और जैस्मीन लंबोरिया ने स्वर्ण पदक जीते जबकि पैरा शॉटपुट खिलाड़ी सोमन राणा के पीला तमगा जीतने के साथ ही भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में शनिवार को भी पदक बंटोरने का सिलसिला जारी रखा ।
प्रीति (महिला 54 किलो) और मौजूदा विश्व चैम्पियन लंबोरिया (महिला 57 किलो) ने क्रमश: कनाडा की स्कारलेट डेलगाडो और उत्तरी आयरलैंड की मिशेला वाल्श को 5 . 0 से हराया । वहीं जादूमणि सिंह को पुरूषों के 55 किलोवर्ग में आस्ट्रेलिया के जाये डिक्सॉन से हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा ।
एथलेटिक्स में राणा ने पुरूषों के एफ57 पैरा शॉटपुट में 13 . 40 मीटर के सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीता । भारत के ही शुभम जुयाल ने 13 . 28 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया ।
पुरूषों की त्रिकूद में भारत ने दो पदक जीते । प्रवीण चित्रावेल ने 16 . 58 मीटर के साथ रजत और सेल्वा प्रभु तिरूमारन ने 16 . 52 मीटर के साथ कांस्य पदक जीते ।
मुक्केबाजी में बेंथमवेट में दुनिया की तीसरे नंबर की मुक्केबाज प्रीति ने डेलगाडो को हराया । जैस्मीन ने गत चैम्पियन वाल्श को 5 . 0 से हराया । जादूमणि पहला दौर जीतने के बाद पिछड़ गए और निक्सॉन से हार गए ।
भारत अब आठ स्वर्ण, 15 रजत और सात कांस्य समेत 30 पदक लेकर तालिका में छठे स्थान पर है । आस्ट्रेलिया (138) शीर्ष पर है जबकि इंग्लैंड (88) दूसरे, कनाडा (54) और स्कॉटलैंड (34) तीसरे स्थान पर है ।
जूडो में उन्नति शर्मा महिलाओं के 63 किलो सेमीफाइनल में पहुंच गई है । उन्होंने न्यूजीलैंड की कोना क्रिस्टी को क्वार्टर फाइनल में हराने से पहले एस्वातिनी की लामुलेला मागागुला को मात दी ।
हर्ष टोकस पुरूषों के 81 किलो वर्ग में कांस्य पदक का मुकाबला खेलेंगे । क्वार्टर फाइनल में साइप्रस के ओडिसिस जॉर्जाकिस से हारने के बाद वह रेपेशॉज से प्लेआफ में लौटे हैं ।
इनुंगांबी ताकेलामबम ( महिला 70 किलो ) और करणजीत सिंह मान ( पुरूष 90 किलो ) रेपेशॉज में हारकर बाहर हो गए ।
लॉन बॉल्स में नवनीत सिंह और दिनेश कुमार को पहली बार पराजय का सामना करना पड़ा जिन्हें इंग्लैंड के निक ब्रेट और जैमी वाकर ने हराया ।
एथलेटिक्स में रमेश षणमुघम पुरूषों के 1500 मीटर पैरा फाइनल में सातवें स्थान पर रहे । प्रियंका गोस्वामी महिलाओं की 10000 मीटर पैदलचाल में सातवें स्थान पर रही जबकि रविना अयोग्य करार दी गई ।
भाषा
मोना नमिता
नमिता

Facebook


