काकामिगाहारा (जापान) एक जून (भाषा) कप्तान केतन कुशवाहा के दो गोलों की बदौलत भारतीय पुरुष अंडर-18 हॉकी टीम ने सोमवार को एशिया कप के पूल-ए मुकाबले में कोरिया को 4-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
कुशवाहा ने तीसरे और 36वें मिनट में गोल दागे, जबकि वरिंदर सिंह (पांचवां मिनट) और शाहरुख अली (54वां मिनट) ने भी एक-एक गोल किया। कोरिया के लिए कप्तान यून जेह्योक ने 21वें मिनट में एकमात्र गोल किया।
इस जीत के साथ भारत छह अंकों के साथ कोरिया और जापान की बराबरी पर पहुंच गया। दोनों पूलों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।
भारत ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और पहले क्वार्टर में ही दो गोल की बढ़त बना ली। तीसरे मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे टीम ने गोल में बदल दिया। राहुल यादव के सटीक पास पर कप्तान कुशवाहा का पहला प्रयास कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन उन्होंने रिबाउंड पर गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत का खाता खोला।
भारत ने अपनी लय बरकरार रखते हुए पांचवें मिनट में दूसरा गोल भी कर दिया। गाजी खान ने शानदार पास देकर वरिंदर को गोल के सामने बिना किसी दबाव के गेंद थमाई और वरिंदर ने सहजता से गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी।
इसके बाद कोरिया ने खेल की गति धीमी कर वापसी की कोशिश की। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन कोई भी टीम सर्कल के भीतर प्रभावी मौका नहीं बना सकी।
कोरिया को 21वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान यून जेह्योक ने गोल में बदलकर अंतर कम किया और स्कोर 2-1 कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन कोई भी टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। हालांकि 36वें मिनट में केतन कुशवाहा ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत को 3-1 की मजबूत बढ़त दिला दी।
कोरिया 53वें मिनट में गोल करने के बेहद करीब पहुंच गया था, लेकिन किम दोयुन के डिफ्लेक्शन को भारतीय गोलकीपर आयुष रजक ने शानदार बचाव करते हुए गोल में जाने से रोक दिया।
इसके अगले मिनट भारत ने जवाबी हमला करते हुए चौथा गोल दाग दिया। शाहरुख अली ने जोरदार शॉट लगाकर गेंद को बोर्ड से टकराया और टीम की 4-1 की जीत सुनिश्चित कर दी।
भारत अब तीन जून को अपने अंतिम पूल ए मुकाबले में चीनी ताइपे का सामना करेगा।
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता