आत्मविश्वास से लबरेज सात्विक-चिराग की नजरें इंडोनेशिया में जीत के साथ लगातार दूसरे खिताब पर

Ads

आत्मविश्वास से लबरेज सात्विक-चिराग की नजरें इंडोनेशिया में जीत के साथ लगातार दूसरे खिताब पर

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 05:20 PM IST

जकार्ता, एक जून (भाषा) सिंगापुर ओपन में लंबे समय से चले आ रहे खिताबी इंतजार को समाप्त करने के बाद आत्मविश्वास से भरपूर भारत की स्टार पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी अब मंगलवार से शुरू हो रहे थाईलैंड ओपन सुपर 1000 में लगातार दूसरा खिताब जीतने के इरादे से कोर्ट पर उतरेगी।

पूर्व विश्व नंबर एक भारतीय जोड़ी को प्रतियोगिता में चौथी वरीयता मिली है। अपने पहले मुकाबले में उनका सामना मलेशिया के कांग खाई शिंग और आरोन ताई की जोड़ी से होगा।

सात्विक और चिराग ने एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए इंडोनेशिया के फजर अल्फियान और मुहम्मद शोहिबुल फिकरीको पुरुष युगल फाइनल में हराकर अपना पहला सिंगापुर ओपन खिताब जीता था।

यह जीत भारतीय जोड़ी के लिए इसलिए भी ऐतिहासिक रही क्योंकि वे सिंगापुर ओपन में युगल वर्ग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने। उल्लेखनीय है कि सिंगापुर ओपन से पहले उनका पिछला खिताब 2024 का थाईलैंड ओपन ही था। इसके बाद वे चार बार फाइनल में पहुंचे, लेकिन हर बार उपविजेता रहना पड़ा।

पुरुष युगल में भारत की दूसरी जोड़ी एमआर अर्जुन और हरिहरन अम्साकरूणान का मुकाबला मलेशिया के नूर मोहद अजरीन आयुब अजरीन और तान वी कियोंग से होगा। यदि दोनों भारतीय जोड़ियां अपने-अपने शुरुआती मुकाबले जीतती हैं तो दूसरे दौर में आमने-सामने हो सकती हैं।

महिला एकल में भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधू अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान के खिलाफ करेंगी। सिंधू सिंगापुर ओपन में क्वार्टर फाइनल तक पहुंची थीं।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों में मालविका बंसोड़ का सामना थाईलैंड की सातवीं वरीय पोर्नपावी चोचुवोंग से होगा, जबकि उन्नति हुड्डा को पहले ही दौर में जापान की विश्व नंबर 12 नोजोमि ओकुहारा जैसी मजबूत प्रतिद्वंद्वी मिली हैं।

लक्ष्य सेन पुरुष एकल में अपने पहले मुकाबले में इंडोनेशिया के अल्वी फरहान से भिड़ेंगे। वहीं किदांबी श्रीकांत का सामना जापान के युशी तनाका से होगा।

अन्य भारतीय खिलाड़ियों में आयुष शेट्टी का मुकाबला चीन के वेंग होंग यांग से होगा, जबकि एचएस प्रणय आयरलैंड के एनट के खिलाफ चुनौती पेश करेंगे।

मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो के साथ रोहन कपूर और रुथविका शिवानी गदे भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे।

महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद भारत की एकमात्र जोड़ी पहले दौर में इंडोनेशिया की फेब्रियाना द्विपुजी कुसुमा और मेलिसा ट्रियास पुस्पितासारी के खिलाफ अभियान शुरू करेगी।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता