एशियाई खेलों के लिए भारतीय निशानेबाज दिल्ली और भोपाल में करेंगे अभ्यास

एशियाई खेलों के लिए भारतीय निशानेबाज दिल्ली और भोपाल में करेंगे अभ्यास

एशियाई खेलों के लिए भारतीय निशानेबाज दिल्ली और भोपाल में करेंगे अभ्यास
Modified Date: September 4, 2026 / 02:51 pm IST
Published Date: September 4, 2026 2:51 pm IST

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) एशियाई खेलों में हिस्सा लेने जा रहे भारतीय निशानेबाज इस महीने दिल्ली और भोपाल में आयोजित शिविरों में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।

खिलाड़ियों का लक्ष्य 19 सितंबर से जापान के आइची-नागोया में शुरू हो रहे इस प्रमुख खेल आयोजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है।

तैयारी शिविरों का आयोजन भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य निशानेबाजी अकादमी और राजधानी दिल्ली के कर्णी सिंह निशानेबाजी परिसर में किया जाएगा।

कार्यक्रम के अनुसार, एशियाई खेलों के लिए चयनित पिस्टल और राइफल निशानेबाज पांच से 14 सितंबर तक भोपाल में अभ्यास लेंगे।

स्कीट निशानेबाजों का शिविर शुक्रवार से कर्णी सिंह निशानेबाजी परिसर में शुरू हो गया है। ट्रैप निशानेबाजों का शिविर इसी रेंज में 10 से 18 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के हाई परफॉर्मेंस निदेशक पियरे ब्यूशां ने बताया कि इन शिविरों में खिलाड़ियों की मानसिक तैयारी के साथ-साथ तकनीकी दक्षता को और निखारने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

ब्यूशां ने कहा, ‘‘इस चरण में हमारा ध्यान अधिक अभ्यास की जगह सटीकता, मानसिक मजबूती और तकनीकी सुधार पर है।”

उन्होंने कहा कि अंतिम चरण के इन शिविरों की रूपरेखा इस तरह तैयार की गई है कि खेल विज्ञान और कोचिंग टीमें प्रत्येक खिलाड़ी के प्रदर्शन से जुड़े आंकड़ों पर बारीकी से नजर रख सकें और यह सुनिश्चित कर सकें कि एशियाई खेलों की निशानेबाजी परिसर में उतरते समय खिलाड़ी अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर हों।

एशियाई खेलों के लिए भारतीय निशानेबाजी दल:

राइफल और पिस्टल:

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों और रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। महिलाओं में एलावेनिल वलारिवन, सोनम उत्तम मस्कर और विदर्सा के. विनोद मैदान में उतरेंगी।

ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्रांक्ष बालासाहेब पाटिल 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में पुरुष वर्ग में चुनौती पेश करेंगे जबकि महिला वर्ग में आशी चौकसे, विदर्सा के. विनोद और तिलोत्तमा सेन चुनौती पेश करेंगी।

दस मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग में केदारलिंग बी. उचागानवे, कमलजीत और आकाश भारद्वाज भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। महिला वर्ग में सुरूची, ईशा सिंह और मनु भाकर निशाना साधेंगी।

अनिश 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष वर्ग में भारत की चुनौती पेश करेंगे। महिलाओं की इस स्पर्धा में ईशा सिंह, मनु भाकर और राही सरनोबत हिस्सा लेंगी।

मिश्रित टीम स्पर्धाओं में 10 मीटर एयर राइफल में पार्थ राकेश माने और एलावेनिल वलारिवन की जोड़ी तथा 10 मीटर एयर पिस्टल में केदारलिंग बी. उचागानवे और सुरूची की जोड़ी उतरेगी।

शॉटगन:

ट्रैप पुरुष वर्ग में काइनान चेनाई, अहवर रिजवी और शपथ भारद्वाज भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। स्कीट पुरुष वर्ग में अनंतजीत सिंह नरूका, भवतेघ सिंह गिल और मेराज अहमद खान पर निगाहें रहेंगी।

महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में नीरू, मनीषा कीर और आशिमा अहलावत, जबकि स्कीट में परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों और महेश्वरी चौहान भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

ट्रैप मिश्रित टीम में काइनान चेनाई और नीरू की जोड़ी तथा स्कीट मिश्रित टीम में अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल की जोड़ी पदक के लिए निशाना साधेगी।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में