किर्गियोस ने कोकीन जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर एक महीने का निलंबन स्वीकार किया

किर्गियोस ने कोकीन जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर एक महीने का निलंबन स्वीकार किया

किर्गियोस ने कोकीन जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर एक महीने का निलंबन स्वीकार किया
Modified Date: September 4, 2026 / 10:38 am IST
Published Date: September 4, 2026 10:38 am IST

लंदन, चार सितंबर (एपी) ऑस्ट्रेलिया के टेनिस खिलाड़ी निक किर्गियोस ने जून में स्पेन में एक टूर्नामेंट के दौरान कोकीन के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय टेनिस इंटीग्रिटी एजेंसी (आईटीआईए) द्वारा लगाए गए एक महीने के निलंबन को स्वीकार कर लिया है।

आईटीआईए ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

किर्गियोस को चार अगस्त से अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था, जिसकी जानकारी लगभग दो सप्ताह के बाद सार्वजनिक हुई थी।

आईटीआईए के अनुसार, 31 वर्षीय किर्गियोस ने जांचकर्ताओं को बताया कि उन्होंने मलोर्का में होने वाले मुकाबले से पहले कोकीन का सेवन किया था। उन्होंने विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) के विशेषज्ञ से सलाह लेने के बाद स्वीकार किया कि यह सेवन प्रतियोगिता से बाहर की अवधि में हुआ था।

वाडा के नियमों के तहत इस मामले में सामान्यतः तीन महीने का प्रतिबंध लगाया जाता है, लेकिन उपचार कार्यक्रम पूरा करने पर इसे घटाकर एक महीने किया जा सकता है।

आईटीआईए ने कहा कि उपचार कार्यक्रम पूरा करने की शर्त के साथ किर्गियोस का निलंबन बृहस्पतिवार को समाप्त हो गया।

मलोर्का टूर्नामेंट से किर्गियोस की पुरस्कार राशि और रैंकिंग अंक वापस ले लिए गए हैं। टूर्नामेंट में उन्हें अपने हमवतन एडम वॉल्टन के खिलाफ एकमात्र मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।

विंबलडन 2022 के फाइनल में पहुंचने वाले किर्गियोस को खिताबी मुकाबले में नोवाक जोकोविच से हार मिली थी। इस साल उन्होंने अब तक सिर्फ चार एटीपी एकल मुकाबले खेले हैं और वह विश्व रैंकिंग में 918वें स्थान पर हैं।

एपी आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में