शॉटगन विश्व कप में वापसी की कोशिश करेंगे भारतीय ट्रैप निशानेबाज
शॉटगन विश्व कप में वापसी की कोशिश करेंगे भारतीय ट्रैप निशानेबाज
टैंगियेर (मोरक्को), 30 मार्च (भाषा) भारतीय ट्रैप निशानेबाज दो दिवसीय अभ्यास सत्र के बाद मंगलवार को यहां आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप के फिर से शुरू होने पर स्कीट निशानेबाजों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।
सत्र के पहले शॉटगन विश्व कप में पुरुष और महिला स्कीट टीम का प्रदर्शन फीका रहा था, जहां अनुकूल परिस्थितियों के बावजूद कोई भी भारतीय निशानेबाज फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सका।
भवनेश मेंदीरत्ता जैसे खिलाड़ी सत्र की सकारात्मक शुरुआत करने के इरादे से उतरेंगे, क्योंकि इस साल जापान में एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप भी होने हैं।
इसके अलावा ओलंपियन पृथ्वीराज टोंडाइमैन और किनान चेनाई भी साल की बेहतर शुरुआत करना चाहेंगे।
राजेश्वरी कुमारी की अगुवाई में महिला टीम बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
प्रतियोगिता के शुरुआती दिन 75 निशानों की स्पर्धा होगी। इन्हें 25-25 के तीन राउंड में विभाजित किया गया है।
भारतीय निशानेबाजों ने विदेशी ट्रैप कोच पीटर विल्सन (ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता) की निगरानी में तैयारियां की हैं। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि खिलाड़ी उनके मार्गदर्शन में कैसा प्रदर्शन करते हैं और अभियान किस दिशा में आगे बढ़ता है।
प्रतियोगिता में मौजूदा ओलंपिक और विश्व चैंपियनों सहित कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धी होने की उम्मीद है।
महिला वर्ग में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन एड्रियाना रुआना (ग्वाटेमाला के लिए पहला ओलंपिक स्वर्ण जीतने वाली) और स्पेन की 24 वर्षीय विश्व चैंपियन मार मोल्ने माग्रिन्या 59 खिलाड़ियों की सूची में प्रमुख आकर्षण होंगी।
पोलैंड के विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता सैंड्रो बर्नाल, स्पेन की फातिमा गाल्वेज, पुर्तगाल की इनेस डी बारोस और तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता सैन मैरिनो की एलेसांद्रा पेरिली अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल हैं।
पुरुष वर्ग में 84 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें क्रोएशिया के मौजूदा विश्व चैंपियन जोसिप ग्लास्नोविच और ग्रेट ब्रिटेन के पेरिस ओलंपिक चैंपियन नाथन हेल्स प्रमुख दावेदारों के रूप में शामिल हैं।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


