बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में भारतीय महिला टीम ने म्यांमार को 5-0 से हराया
बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में भारतीय महिला टीम ने म्यांमार को 5-0 से हराया
किंगदाओ (चीन), चार फरवरी (भाषा) मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला टीम ने बुधवार को यहां ग्रुप वाई के अपने पहले मुकाबले में म्यांमार को 5-0 से हराकर बैडमिंटन एशिया टीम चैंपियनशिप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।
तन्वी शर्मा ने सबसे पहले कोर्ट में उतरकर थेट हटर थुजार को केवल 32 मिनट में 21-13 21-16 से हराया। इसके बाद रक्षिता श्री संतोष रामराज ने दूसरे एकल में ऐंट चिट फू को 21-12 21-6 से हराकर भारत को 2-0 से बढ़त दिला दी।
मालविका बंसोड ने तीसरे एकल मुकाबले में लिन लिन हेट को 21-19 21-12 से हराकर भारत की जीत सुनिश्चित की।
भारत ने इसके बाद युगल मुकाबलों में भी दबदबा बरकरार रखा और दोनों मैच सीधे गेम में जीते।
प्रिया कोंजेंगबम और श्रुति मिश्रा की जोड़ी ने सु लैट और थेट हटर थुजार को 21-15 21-16 से हराया। इसके बाद त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को हेट और फू की जोड़ी को 21-8 21-6 से हराने में कोई खास मशक्कत नहीं करनी पड़ी।
भारत गुरुवार को अपने दूसरे ग्रुप मैच में पिछली बार के उपविजेता थाईलैंड से भिड़ेगा।
भाषा
पंत
पंत

Facebook


