भारत की पुरुष और महिला टेबल टेनिस टीम ने एशियाई खेलों में 3-0 की जीत से अभियान शुरू किया
भारत की पुरुष और महिला टेबल टेनिस टीम ने एशियाई खेलों में 3-0 की जीत से अभियान शुरू किया
टोयोटा (जापान), 20 सितंबर (भाषा) भारत की पुरुष और महिला टीम ने रविवार को यहां आइची-नागोया एशियाई खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अपने अभियान की शुरुआत अपने-अपने ग्रुप एफ मुकाबलों में इंडोनेशिया पर 3-0 की समान जीत के साथ की।
महिला टीम के लिए श्रीजा अकुला, दीया चितले और यशस्विनी घोरपड़े ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई।
श्रीजा ने पहले मैच में नी महारानी को 3-1 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। श्रीजा ने पहला गेम जीतने के बाद दूसरा गेम 8-11 से गंवाया लेकिन इसके बाद वापसी करते हुए अगले दोनों गेम 11-4, 11-4 से जीत लिए।
दीया चितले ने इसके बाद अल्माइरा नेबुचदनेज्जर को 3-0 से हराकर भारत की बढ़त दोगुनी कर दी। दीया ने 11-9, 11-8, 11-5 से जीत दर्ज की और भारत को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
यशस्विनी घोरपड़े ने तीसरे मैच में चित्रा रस्मी को 3-0 से हराकर भारत की जीत सुनिश्चित की। यशस्विनी ने 12-10, 11-4, 11-4 से जीत दर्ज की।
पुरुष टीम ने भी 3-0 की शानदार जीत दर्ज की। हालांकि दूसरे मुकाबले में उसे कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
जी साथियान ने मुहम्मद नेगारा को 11-8, 11-7, 11-9 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई।
इसके बाद मानव ठक्कर ने मुहम्मद जुनिंद्रा के खिलाफ पांच गेम तक चले मुकाबले में 3-2 से जीत दर्ज की। मानव ने पहला गेम 11-7 से जीता लेकिन दूसरा गेम 8-11 से गंवा दिया। उन्होंने तीसरा गेम 11-6 से जीतकर फिर बढ़त हासिल की।
जुनिंद्रा ने चौथा गेम 11-6 से जीतकर मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंचाया लेकिन मानव ने धैर्य बनाए रखते हुए पांचवां गेम 11-9 से जीत लिया।
मानुष शाह ने इसके बाद अफान प्रतामा को 11-9, 11-9, 12-10 से हराकर पुरुष टीम को जीत दिलाई।
महिला ग्रुप एफ में भारत के साथ इंडोनेशिया, पाकिस्तान और सिंगापुर हैं।
पुरुष टीम को ईरान, पाकिस्तान और इंडोनेशिया के साथ ग्रुप एफ में रखा गया है।
भाषा सुधीर पंत
पंत

Facebook


