भारत की मिश्रित राइफल और पिस्टल टीमें ग्रेनाडा विश्व कप में चुनौती पेश करेंगी

भारत की मिश्रित राइफल और पिस्टल टीमें ग्रेनाडा विश्व कप में चुनौती पेश करेंगी

भारत की मिश्रित राइफल और पिस्टल टीमें ग्रेनाडा विश्व कप में चुनौती पेश करेंगी
Modified Date: April 6, 2026 / 06:43 pm IST
Published Date: April 6, 2026 6:43 pm IST

ग्रेनाडा (स्पेन), छह अप्रैल (भाषा) भारतीय निशानेबाज मंगलवार से यहां शुरू हो रहे राइफल/पिस्टल विश्व कप में खुद को एक मजबूत ताकत के तौर पर साबित करने की कोशिश करेंगे जब इस प्रतियोगिता की शुरुआत 10 मीटर एयर राइफल और एयर पिस्टल स्पर्धाओं से होगी।

प्रतियोगिता में हालांकि अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी और उनके ऊंचे स्तर को देखते हुए भारतीय निशानेबाजों की राह आसान नहीं होगी।

पिस्टल वर्ग में एशियाई खेलों की चैंपियन पलक गुलिया 25 मीटर पिस्टल के 2024 जूनियर विश्व चैंपियन मुकेश नेलावल्ली के साथ जोड़ी बनाएंगी जबकि 2025 विश्व कप फाइनल्स की रजत पदक विजेता संयम और उज्ज्वल मलिक एक साथ मिलकर चुनौती पेश करेंगे।

भारत की मिश्रित जोड़ियों को ओलंपिक और विश्व चैंपियन जोड़ियों की मौजूदगी में मजबूत चुनौती का सामना करना पड़ेगा जिसमें चीन की टीम भी शामिल है। चीनी की टीम ने इस साल नयी दिल्ली में हुई एशियाई चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं लिया था लेकिन उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए दो विश्व स्तरीय जोड़ियों को मैदान में उतारा है।

मौजूदा मिश्रित टीम विश्व चैंपियन हू काई और याओ कियानक्सुन तथा पेरिस ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता शी यू और जूनियर विश्व चैंपियनशिप की पूर्व पदक विजेता शेन यियाओ अन्य प्रतिभागियों को कड़ी चुनौती पेश करेंगे।

अन्य प्रमुख जोड़ियों में तुर्की की पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता सेव्वाल इलायदा तारहान और यूसुफ डिकेच, जोराना अरुनोविक और दामिर माइकक की सर्बिया की जोड़ी, वेरोनिका मेजर और अकोस कैरोली नागी की हंगरी की जोड़ी तथा क्रिश्चियन रिट्ज और स्वेन्जा बर्गे की जर्मनी की जोड़ियां शामिल हैं।

दस मीटर एयर राइफल वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व सोनम मस्कर और गजानन खंडागले तथा श्रुति और अर्शदीप सिंह की जोड़ियां करेंगी।

युवा निशानेबाजों की मौजूदगी वाली भारत की मिश्रित टीमें बेहद मजबूत विरोधियों का सामना करेंगी जिनमें शेंग लिहाओ और वांग जिफेई की चीन की दुनिया की नंबर एक और मौजूदा विश्व चैंपियन जोड़ी भी शामिल है। वहीं इस प्रतियोगिता में चीन की दूसरी जोड़ी मा सिहान और झांग कियानयिंग की है।

पदक की दौड़ में शामिल अन्य जोड़ियों में जेनेट हेग ड्यूस्टैड और जॉन हर्मन हेग की नॉर्वे की जोड़ी, जर्मनी के मौजूदा 10 मीटर एयर राइफल पुरुष विश्व चैंपियन मैक्सिमिलियन डैलिंगर और हन्ना स्टेफेन डिक्स तथा इस्तवान पेनी और एज्टर डेनेस की हंगरी की जोड़ी शामिल हैं।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) की चयन नीति के अनुसार घरेलू राष्ट्रीय रैंकिंग में चौथे से छठे स्थान के बीच की रैंकिंग वाले निशानेबाजों को मैदान में उतारा गया है।

इस साल के आखिर में दोहा में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए शुरुआती कोटा स्थान दिए जाएंगे। ऐसे में दुनिया भर के शीर्ष निशानेबाज खुद को परखने के लिए उत्सुक होंगे। साथ ही यह भारत के लिए भी एक बेहतरीन मौका है कि वह इस साल के आखिर में होने वाले एशियाई खेलों को ध्यान में रखते हुए अपनी टीम की गहराई का आकलन करे।

भाषा सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में