फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप में भारत के नतीजे ‘ज्यादा अच्छे नहीं’ : एआईएफएफ अध्यक्ष चौबे

Ads

फीफा महिला अंडर-17 विश्व कप में भारत के नतीजे ‘ज्यादा अच्छे नहीं’ : एआईएफएफ अध्यक्ष चौबे

  •  
  • Publish Date - October 21, 2022 / 07:46 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:49 PM IST

नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) अध्यक्ष कल्याण चौबे ने स्वीकार किया कि अंडर-17 फीफा महिला विश्व कप में भारत का प्रदर्शन ज्यादा अच्छा नहीं रहा लेकिन कहा कि टूर्नामेंट में खेलने के अनुभव से टीम के विकास में मदद मिलेगी।

पदार्पण कर रही भारतीय टीम अपने सभी तीनों ग्रुप मैच गंवाकर बाहर हो गयी। उसे अमेरिका, मोरक्को और ब्राजील से हार मिली जिसमें उसने कुल 16 गोल गंवाये।

चौबे ने एआईएफएफ की विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हां, मैं सहमत हूं कि भारत के मौजूदा अंडर-17 महिला विश्व कप में नतीजे ज्यादा अच्छे नहीं रहे लेकिन नतीजे स्थायी नहीं हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब आप अमेरिका, मोरक्को या ब्राजील जैसी शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलते हो तो इससे आपको उस तरह का अनुभव मिलता है जिससे आपको अपने खेल को अगले स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। ’’

फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप की मेजबानी की महत्ता के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ‘‘यह भारतीय महिलाओं के लिये वास्तव में बड़ा मौका था। इससे निश्चित रूप से हमारे देश की काफी लड़कियां इस खेल में आने के लिये प्रेरित होंगी। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द