अंताल्या (तुर्किये) छह जून (एपी) ईरान की विश्व कप फुटबॉल टीम शनिवार को तुर्किये में अपने प्रशिक्षण शिविर से मेक्सिको स्थित अभ्यास शिविर के लिए रवाना होने की तैयारी में थी।
टीम मेक्सिको से अमेरिका जाएगी, जहां उसे ग्रुप चरण के तीन मैच खेलने हैं।
ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, फुटबॉल महासंघ के कुछ सदस्यों को अब तक अमेरिकी वीजा नहीं मिल सका है।
रिपोर्ट में बताया गया कि महासंघ के महासचिव हेदायत मोंबेइनी और उपाध्यक्ष मेहदी मोहम्मद नबी सहित कुल 14 स्टाफ सदस्य और अधिकारी लॉस एंजिलिस और सिएटल में होने वाले मैचों से पहले वीजा प्राप्त नहीं कर सके हैं।
टीम की इस विश्व कप में भागीदारी पहले से ही ईरान और अमेरिका के बीच राजनीतिक तनाव तथा इजराइल के साथ युद्ध जैसी स्थिति के कारण जटिल बनी हुई है।
वीजा प्रक्रिया में आई समस्याओं के चलते ईरान को अपना प्रशिक्षण शिविर अमेरिका के एरिजोना से बदलकर मेक्सिको में स्थानांतरित करना पड़ा था।
ईरान के फुटबॉल महासंघ ने अमेरिका पर “प्रतिशोधात्मक रवैये” का आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने टीम के “अहम प्रबंधन और प्रशासनिक सदस्यों” को वीजा देने से इनकार किया है।
महासंघ ने भेदभाव का आरोप लगाते हुए इस मामले को फीफा के समक्ष उठाने की बात कही है।
अमेरिका अधिकारियों के अनुसार, ईरान की टीम के सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और कुछ सहयोगी स्टाफ को वीजा जारी कर दिया गया है। कुछ आवेदनों को कथित तौर पर “गलत जानकारी” के आधार पर खारिज किया गया है।
ईरान अपना पहला मैच 15 जून को न्यूजीलैंड के खिलाफ लॉस एंजिलिस में खेलेगा, इसके बाद छह दिन बाद बेल्जियम से भिड़ेगा। इसके बाद टीम 26 जून को सिएटल में मिस्र के खिलाफ खेलेगी।
ईरान और अमेरिका की टीमें यदि अपने-अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहती हैं, तो दोनों के बीच राउंड ऑफ 32 में मुकाबला भी संभव है।
एपी आनन्द नमिता
नमिता