आईएसएसएफ विश्व कप : तीन निशानेबाज कोरोना पॉजिटिव

आईएसएसएफ विश्व कप : तीन निशानेबाज कोरोना पॉजिटिव

आईएसएसएफ विश्व कप : तीन निशानेबाज कोरोना पॉजिटिव
Modified Date: November 29, 2022 / 08:37 pm IST
Published Date: March 20, 2021 7:51 am IST

नयी दिल्ली, 20 मार्च ( भाषा ) यहां चल रहे आईएसएसएफ विश्व कप में भाग ले रहे तीन निशानेबाज प्रतिस्पर्धा के दूसरे दिन कोरोना वायरस जांच में पॉजिटिव पाये गए जिनमें से दो भारतीय पुरूष पिस्टल टीम के सदस्य हैं । भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी ।

तीनों निशानेबाज टीम होटल में पृथकवास पर हैं । उनके साथ कमरा साझा कर रहे निशानेबाजों को भी कोरोना जांच के बाद पृथकवास पर रखा गया है । उनकी जांच रिपोर्ट हालांकि नेगेटिव आई है ।

एक सूत्र ने कहा कि इन तीन निशानेबाजों में से दो भारतीय हैं । उन्होंने कहा ,‘‘ निशानेबाजों को प्रोटोकॉल के तहत पृथकवास पर भेज दिया गया है । यहां रोज जांच हो रही है और यही वजह है कि उनके नतीजे सामने आये ।’’

महासंघ से जुड़े इस सूत्र ने कहा ,‘‘सब कुछ अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ ( आईएसएसएफ) के प्रोटोकॉल के तहत और इसके तकनीकी निदेशक की सलाह पर किया जा रहा है । ’’

उन्होंने कहा ,‘ अच्छी खबर यह है कि इन निशानेबाजों के साथ कमरे में रहने वाले और बाकी टीम के सदस्यों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है ।’’

इन तीन निशानेबाजों के रूममेट अब टूर्नामेंट में आगे भाग ले सकेंगे । निशानेबाजों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है ।

टूर्नामेंट के लिये टीमों के आने के बाद से अब तक चार निशानेबाज संक्रमित पाये गए हैं ।

इससे पहले गुरूवार को एक शीर्ष अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संक्रमित पाया गया था जिसे अस्पताल भेज दिया गया है ।

टूर्नामेंट में 53 देशों के 294 निशानेबाज भाग ले रहे हैं । इनमें कोरिया, सिंगापुर, ब्रिटेन, हंगरी, इटली, तुर्की के निशानेबाज शामिल हैं । आईएसएसएफ दिशा निर्देशों के तहत दर्शकों को प्रवेशकी अनुमति नहीं है ।

भाषा मोना

मोना

मोना


लेखक के बारे में