एसोसिएट देशों के लिए आगे बढ़ना वाकई मुश्किल है, मिलकर काम करने की जरूरत: क्रिकेट स्कॉटलैंड की सीईओ

एसोसिएट देशों के लिए आगे बढ़ना वाकई मुश्किल है, मिलकर काम करने की जरूरत: क्रिकेट स्कॉटलैंड की सीईओ

एसोसिएट देशों के लिए आगे बढ़ना वाकई मुश्किल है, मिलकर काम करने की जरूरत: क्रिकेट स्कॉटलैंड की सीईओ
Modified Date: February 18, 2026 / 12:17 pm IST
Published Date: February 18, 2026 12:17 pm IST

मुंबई, 18 फरवरी (भाषा) क्रिकेट स्कॉटलैंड की सीईओ ट्रुडी लिंडब्लेड ने स्वीकार किया है कि क्रिकेट का व्यस्त कार्यक्रम एसोसिएट देशों के लिए शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलकर अधिक अनुभव हासिल करना ‘वास्तव में मुश्किल’‘ बना देता है।

टी20 विश्व कप के लिए पहली 20 टीमों में स्कॉटलैंड शामिल नहीं था, लेकिन बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार करने के बाद उसे इस टूर्नामेंट में जगह मिली। ग्रुप सी में शामिल स्कॉटलैंड ने चार मैच में एक जीत और तीन हार के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

लिंडब्लेड ने मंगलवार को यहां नेपाल के हाथों स्कॉटलैंड की आखिरी ग्रुप मैच में हार के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘यह वाकई मुश्किल है क्योंकि व्यस्त कार्यक्रम की वजह से हमारी जैसी टीमों को अधिक मैच खेलने का अवसर नहीं मिल रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें मिलकर काम करने की जरूरत है। हमारे कई एसोसिएट सदस्य इस टूर्नामेंट में खेल रहे हैं। हम नियमित रूप से बात करते हैं। पहले हमारे पास आईसीसी के भीतर कोई ऐसा व्यक्ति होता था जो हमें एकजुट रखने में सहयोग कर सकता था।’’

लिंडब्लेड ने कहा, ‘‘हम सभी के अपने-अपने लक्ष्य और मानदंड हैं कि हम क्या खेलना चाहते हैं, लेकिन इसे हासिल करने के अन्य तरीके भी हैं। जैसे कि एक एकजुट होकर एक संयुक्त मोर्चा बनाना।’’

लिंडब्लेड ने कहा कि एसोसिएट देश शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने के अलावा नियमित रूप से अधिक शीर्ष स्तरीय क्रिकेट खेलकर अपने खेल में सुधार कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी नियमित रूप से अधिक क्रिकेट खेलने और शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने को लेकर एकमत है। जरूरी नहीं कि हम हमेशा इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों के खिलाफ ही खेलें। हम अन्य टीमों के साथ खेलना चाहते हैं। इससे हमारी क्रिकेट में सुधार होगा।’’

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में