जायसवाल का शतक लेकिन मुंबई को महज एक अंक मिला
जायसवाल का शतक लेकिन मुंबई को महज एक अंक मिला
जयपुर, चार नवंबर (भाषा) सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला की तैयारी पुख्ता करता हुए 16वां प्रथम श्रेणी शतक लगाया लेकिन मुंबई की टीम राजस्थान के खिलाफ ड्रॉ रहे रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के मैच में एक ही अंक बना सकी ।
राजस्थान ने पहली पारी में 617 रन बनाने के बाद 363 रन की बढत ले ली थी । दीपक हुड्डा ने 248 रन की यादगार पारी खेली ।
पहली पारी में 254 रन बनाने वाली मुंबई टीम ने तीसरे दिन के आखिर में बिना किसी नुकसान के 89 रन बना लिये थे । आखिरी दिन जायसवाल ने 174 गेंद में 156 रन बनाये जिसकी मदद से मुंबई ने तीन विकेट पर 269 रन बनाये । आखिरी दिन राजस्थान ने 60 ओवर डाले ।
जायसवाल ने अपनी पारी में 18 चौके और एक छक्का लगाया । उन्होंने मुशीर खान के साथ (115 गेंद में 63 रन) 149 और सिद्धेश लाड (नाबाद 19) के साथ तीसरे विकेट के लिये 67 रन जोड़े ।
एक अन्य मैच में पुडुच्चेरी के खिलाफ ड्रॉ मैच में दिल्ली को एक ही अंक मिला । अर्पित राणा और सनत सांगवान के शतकों और 321 रन की अटूट साझेदारी की मदद से दिल्ली ने दूसरी पारी में अच्छी शुरूआत की लेकिन पहली पारी की बढत के आधार पर पुडुच्चेरी को तीन अंक मिले ।
पुडुच्चेरी ने दिल्ली के पहली पारी के 294 रन के जवाब में 481 रन बनाये थे ।
दिल्ली ग्रुप डी में पांचवें स्थान पर है जबकि हैदराबाद दस अंक लेकर शीर्ष पर है । मुंबई के भी समान अंक है लेकिन नेट रनरेट के आधार पर वह दूसरे स्थान पर है । राजस्थान तीसरे और जम्मू कश्मीर चौथे स्थान पर है ।
रायपुर में छत्तीसगढ ने जम्मू कश्मीर के खिलाफ पहली पारी की बढत के आधार पर तीन अंक हासिल किये । वहीं नादौन में हैदराबाद ने हिमाचल प्रदेश को चार विकेट से हराकर छह अंक बनाये ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


