जमशेदपुर एफसी ने मोहम्मडन एससी को 1-0 से हराया
जमशेदपुर एफसी ने मोहम्मडन एससी को 1-0 से हराया
जमशेदपुर, 15 फरवरी (भाषा) जमशेदपुर एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल के मौजूदा सत्र के अपने पहले मैच में रविवार को यहां जेआरडी टाटा खेल परिसर में मोहम्मडन एससी पर कड़े मुकाबले में 1-0 की जीत दर्ज की।
घरेलू दर्शकों की जबरदस्त मौजूदगी के बीच मदीह तलाल का पहले हाफ में किया गया गोल निर्णायक साबित हुआ जिससे टीम ने अपने अभियान की शुरुआत तीन अहम अंकों के साथ की।
जमशेदपुर ने खेल शुरू होते ही मैच पर दबदबा बनाना शुरू कर दिया। तलाल मिडफील्ड में बेहद सक्रिय नजर आए। उन्होंने शानदार पासिंग के जरिए खेल को नियंत्रित किया और अपनी रचनात्मकता से विरोधी रक्षा पंक्ति को भेदने की कोशिश करते रहे।
जमशेदपुर को आठवें मिनट में सफलता मिली। मिडफील्ड से गेंद मिलने के बाद तलाल आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़े और सटीक फिनिश के साथ गेंद को नेट के कोने में पहुंचा दिया। स्टेडियम में मौजूद दर्शक खुशी से झूम उठे और जमशेदपुर ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
टीम ने 32वें मिनट में बढ़त दोगुनी कर ली थी लेकिन रेफरी ने इसे ऑफसाइड करार देते हुए गोल को रद्द कर दिया। इसके बाद खेल की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई और दोनों टीमें गेंद पर ज्यादा सतर्क नजर आईं।
मध्यांतर के बाद जमशेदपुर ने अपनी रक्षापंक्ति को मजबूत किया जिससे मोहम्मडन एससी को ज्यादा मौके नहीं मिले।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर

Facebook


