जूनियर निशानेबाजी विश्व कप: प्राची और वंशिका को स्वर्ण, भारत पदक तालिका में शीर्ष पर
जूनियर निशानेबाजी विश्व कप: प्राची और वंशिका को स्वर्ण, भारत पदक तालिका में शीर्ष पर
काहिरा, 23 अप्रैल (भाषा) भारत की प्राची गायकवाड़ ने बृहस्पतिवार को यहां महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन्स में स्वर्ण पदक जीता जबकि वंशिका चौधरी और सेजल कांबले ने महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में शीर्ष दो स्थान हासिल किए जिससे यहां चल रहे आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप (राइफल/पिस्टल/शॉटगन) में भारत का पदक तालिका में दबदबा कायम रहा।
बृहस्पतिवार को दो स्वर्ण के साथ भारत के प्रतियोगिता में तीन स्वर्ण हो गए हैं। इससे पूर्व पहले दिन पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में शिव नरवाल ने स्वर्ण जीता था। इसके साथ ही भारत के कुल पदक की संख्या 11 हो गई है जिसमें तीन स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
नारायण प्रणव ने भी पुरुष 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक जीता।
प्राची ने फाइनल में 354.6 का स्कोर किया और व्यक्तिगत तटस्थ खिलाड़ी (एआईएन) डार्या चुप्रिस को पीछे छोड़ा जिन्होंने 354.4 का स्कोर बनाया। एक अन्य एआईएन निशानेबाज एलेना क्रेटिनिना ने 343.3 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
इस बीच, नारायण ने अपनी स्पर्धा में 229.5 के फाइनल स्कोर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
वंशिका ने महिलाओं के 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में 241.3 का स्कोर करके स्वर्ण पदक जीता जबकि सेजल ने 24 शॉट के बाद 239.6 के स्कोर के साथ रजत पदक हासिल किया। चीनी ताइपे की लियाओ के रोंग को 218.3 के स्कोर के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
प्राची थ्री पोजीशन्स फाइनल में पहुंचने वाली एकमात्र भारतीय थीं। उन्होंने 578 के स्कोर के साथ छठे स्थान पर क्वालीफाई किया था। पदक दौर में नीलिंग पोजीशन में पहले 10 शॉट के बाद वह पांचवें स्थान पर थी।
प्रोन राउंड में शानदार प्रदर्शन के बाद वह दूसरे स्थान पर पहुंच गईं और उस समय शीर्ष पर चल रही डार्या से सिर्फ 0.6 अंक पीछे थीं।
इसके बाद स्टैंडिंग के शुरुआती पांच शॉट में 50 से अधिक का स्कोर करके भारतीय निशानेबाज पहली बार बढ़त बनाने में कामयाब रहीं लेकिन डार्या ने अगली सीरीज में 51.0 का स्कोर करके पलटवार किया।
इस बीच कुछ निशाने 10 अंक से चूकने के कारण प्राची कुछ समय के लिए तीसरे स्थान पर खिसक गईं जिससे पांच शॉट बाकी रहते हुए मुकाबला काफी रोमांचक हो गया।
प्राची ने चार बार 10 अंक के रिंग पर निशाना लगाया और डार्या को सिर्फ 0.2 अंक के मामूली अंतर से पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता।
जूनियर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में तीन भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाई। क्वालीफाइंग में नारायण प्रणव 630.9 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक जीता। अभिनव शॉ 630.0 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे जबकि दिव्यांशु देवांगन ने 626.8 अंक के साथ सातवां स्थान हासिल किया।
फाइनल में दिव्यांशु सबसे पहले बाहर होने वाले खिलाड़ी बने। उनका 24 शॉट के फाइनल में 12 शॉट के बाद स्कोर 122.4 था और वह आठवें स्थान पर रहे।
इसके बाद अभिनव भी दौड़ से बाहर हो गए। नारायण ने कांस्य पदक जीता। वह 22वें शॉट के बाद साइप्रस के एचिलियास सोफोक्लियस से केवल 0.4 अंक से पीछे रह गए।
उज्बेकिस्तान के जावोहिर सोखिबोव ने 251.2 अंक के साथ आसानी से स्वर्ण पदक जीत लिया। वह सोफोक्लियस से एक अंक आगे रहे।
दूसरी तरफ वंशिका और सेजल के अलावा कनक ने भी जूनियर महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने क्रमशः 579, 577 और 576 अंक हासिल किए जिससे वे तालिका में शीर्ष तीन स्थानों पर रहीं।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


