इंग्लैंड टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटाए गए मैकुलम, सीमित ओवरों की टीम के साथ बने रहेंगे

इंग्लैंड टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटाए गए मैकुलम, सीमित ओवरों की टीम के साथ बने रहेंगे

इंग्लैंड टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हटाए गए मैकुलम, सीमित ओवरों की टीम के साथ बने रहेंगे
Modified Date: July 12, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: July 12, 2026 6:58 pm IST

लंदन, 12 जुलाई (भाषा) इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने रविवार को घोषणा की कि ब्रेंडन मैकुलम इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद से हट जाएंगे लेकिन सीमित ओवरों की टीमों के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

यह फैसला इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने, नाइट क्लब में हुए विवाद और उसके बाद एक टेस्ट मैच के प्रतिबंध के तुरंत बाद सामने आया है।

मैकुलम ने स्वीकार किया कि टेस्ट टीम के मुख्य कोच के रूप में कार्यकाल समाप्त होने से उन्हें निराशा हुई है। उनके बयान से यह भी संकेत मिला कि यह फैसला उनकी स्वेच्छा से पद छोड़ने के बजाय बोर्ड के निर्णय का परिणाम है।

ईसीबी की ओर से जारी विज्ञप्ति में मैकुलम ने कहा, ‘निश्चित रूप से मुझे आगे टेस्ट टीम के साथ नहीं जुड़े रहने का अफसोस है, लेकिन मैं बोर्ड के फैसले का सम्मान करता हूं। अब मेरा पूरा ध्यान सीमित ओवरों की टीमों पर रहेगा और मैं इंग्लैंड क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा।’

उन्होंने कहा, ‘मैं टेस्ट टीम की सफलता की कामना करता हूं। ड्रेसिंग रूम में अपार प्रतिभा मौजूद है और यह खिलाड़ियों का बेहद खास समूह है। मैं हमेशा इन खिलाड़ियों का समर्थन करूंगा और उम्मीद करूंगा कि वे इसी तरह बेहतरीन क्रिकेट खेलते रहें। मुझे विश्वास है कि वे आगे भी देश को गौरवान्वित करेंगे।’

न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैकुलम के कार्यकाल के दौरान इंग्लैंड टेस्ट टीम ने आक्रामक और सकारात्मक क्रिकेट की नई पहचान बनाई। उनके चार वर्षीय कार्यकाल का समापन ऐसे दौर में होगा जिसे इंग्लैंड टेस्ट क्रिकेट के सबसे रोमांचक और प्रगतिशील अध्यायों में गिना जा रहा है।

इंग्लैंड अब पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप श्रृंखला में नए मुख्य कोच के साथ उतरेगा। हाल ही में इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि उसने भारत को टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में 4-0 से करारी शिकस्त देकर दुनिया की नंबर एक टी-20 टीम बनने का गौरव हासिल किया।

ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गूल्ड ने कहा, ‘ब्रेंडन ने इंग्लैंड पुरुष टेस्ट टीम में नई ऊर्जा का संचार किया। उनके नेतृत्व में टीम ने कई यादगार जीत दर्ज कीं और हम उनके योगदान के लिए आभारी हैं।’

उन्होंने कहा, ‘अब हमें लगता है कि टेस्ट टीम में बदलाव का यही सही समय है, क्योंकि हमारा लक्ष्य अगले वर्ष एशेज श्रृंखला जीतना है। मैकुलम की कोचिंग में इंग्लैंड की टी-20 टीम इस वर्ष टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक पहुंची और हाल ही में भारत को हराकर विश्व की नंबर एक टीम बनी। वह सीमित ओवरों की टीमों के मुख्य कोच बने रहेंगे।’

इंग्लैंड पुरुष टीम के प्रबंध निदेशक रॉब की ने कहा, ‘हाल के वर्षों में इंग्लैंड टेस्ट टीम की कई अविस्मरणीय उपलब्धियां ब्रेंडन के नेतृत्व में हासिल हुईं। खिलाड़ियों की सोच और टीम संस्कृति को उन्होंने जिस तरह बदला, वह प्रेरणादायक रहा। उन्होंने युवा प्रतिभाओं की ऐसी पीढ़ी तैयार की है जो आने वाले वर्षों में इंग्लैंड क्रिकेट की रीढ़ बनेगी।’

मैकुलम ने कहा, ‘टेस्ट टीम को कोचिंग देना मेरे लिए बेहद सुखद अनुभव रहा और हमने मिलकर जो उपलब्धियां हासिल कीं, उन पर मुझे गर्व है। इस सफर में कई यादगार पल आए और कुछ कठिन दौर भी, लेकिन यही किसी बड़ी चुनौती का हिस्सा होता है।’

उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही। मैं खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और उन सभी प्रशंसकों का दिल से आभारी हूं, जिन्होंने इस पूरे सफर में हमारा साथ दिया।’

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में