‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा
‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा
नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुमन देवी थौडम की अगुवाई में बड़ी संख्या में लोगों ने यहां ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 81वें आयोजन में हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम का आयोजन देश के कई अन्य शहरों में भी किया गया।
मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 1000 से ज़्यादा लोगों ने योग, जुम्बा और रस्सी कूदने जैसी कई फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके बाद प्रतिभागियों ने इंडिया गेट के आसपास पांच किलोमीटर की साइकिल रैली निकाली।
कार्यक्रम स्थल पर कैरम और शतरंज जैसे बोर्ड गेम तथा बैडमिंटन और बाधा दौड़ जैसी फिटनेस गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिनमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने भी बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेते हुए ‘फिटनेस फॉर ऑल’ का संदेश दिया।
सुमन देवी ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया फिट इंडिया आंदोलन वास्तव में जन-जन का अभियान बन गया है। आज बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और बच्चों के साथ स्वेच्छा से ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यह दर्शाता है कि लोग अपने दैनिक जीवन में फिटनेस को अपनाने के प्रति कितने जागरूक हैं।’’
सुमन देवी 2018 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी और 2025 एशिया कप में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि साइकिल चलाना फिट रहने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। इसे किसी भी आर्थिक पृष्ठभूमि का व्यक्ति अपना सकता है। इसके लिए न जिम की सदस्यता की जरूरत होती है और न ही महंगे उपकरणों की, सिर्फ एक साइकिल पर्याप्त है।’’
देशभर में यह कार्यक्रम सभी महानगरों और बड़े शहरों के अलावा लक्षद्वीप के एंड्रोथ, असम के गोलाघाट, पंजाब के मस्तुआना साहिब सहित 2,000 से अधिक स्थानों पर आयोजित किया गया।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया की परिकल्पना पर शुरू किए गए ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (एमवाईएएस) द्वारा भारतीय साइक्लिंग महासंघ (सीएफआई), योगासन भारत, राहगीरी फाउंडेशन और ‘एमवाई भारत’ के सहयोग से किया जाता है।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


