काजल ने लगातार दूसरी बार अंडर-20 विश्व खिताब जीता, तनु और सविता को रजत
काजल ने लगातार दूसरी बार अंडर-20 विश्व खिताब जीता, तनु और सविता को रजत
ब्रातिस्लावा (स्लोवाकिया), 21 अगस्त (भाषा) काजल धोचक ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए यहां अंडर-20 कुश्ती विश्व चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार खिताब जीता, जबकि तनु शर्मा और सविता को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
काजल ने फाइनल में चीन की जिंगरू सन को 7-0 से हराकर 76 किलोग्राम वर्ग का खिताब अपने नाम किया। इस 18 वर्षीय खिलाड़ी ने पिछले साल 72 किलोग्राम वर्ग में अंडर-20 विश्व खिताब जीता था।
काजल पहले ही सीनियर स्तर पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने इस साल जून में मंगोलिया में रैंकिंग सीरीज प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने जुलाई में बुडापेस्ट प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने पटाया में अंडर-20 एशियाई चैंपियनशिप भी जीती।
इस बीच तनु ने 72 किलोग्राम वर्ग में जापान की चिसातो योशिदा के खिलाफ स्वर्ण पदक के मैच में कड़ा मुकाबला किया, लेकिन आखिर में 3-5 से हार गईं।
सविता 62 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जापान की साकुरा ओनीशी से तकनीकी श्रेष्ठता (2-12) से हार गईं।
मानसी लादर भी 68 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक की दावेदार हैं। फाइनल में उनका मुकाबला चीन की चेनलिंग सोंग से होगा, जबकि कोमल 59 किलोग्राम वर्ग के रेपचेज राउंड में स्पेन की रोजा मोलिना रोड्रिगेज से भिड़ेंगी।
भारत के किसी भी ग्रीको रोमन पहलवान ने पदक नहीं जीता।
भाषा
पंत
पंत

Facebook


