विशाखापत्तनम, नौ अप्रैल (भाषा) खालिन जोशी ने एक अंडर 70 का कार्ड खेल बृहस्पतिवार को यहां आंध्र ओपन 2026 के तीसरे दौर के बाद कुल सात अंडर 206 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर तीन शॉट की बड़ी बढ़त कायम कर ली है।
बेंगलुरु के 33 वर्षीय इस खिलाड़ी ने एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाली इस प्रतियोगिता के शुरुआती दो दौर में समान 68-68 के कार्ड खेले थे।
डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में छह बार के इस विजेता खिलाड़ी के पास अब चार साल के खिताबी सूखे को खत्म करने का अच्छा मौका है। उन्होंने अपना पिछला खिताब अगस्त 2022 में कोयंबतूर में जीता था।
दुबई के यश मजमुदार (71-69-69) और दिल्ली के राशिद खान (70-72-67) चार अंडर 209 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। मजमुदार ने तीसरे दिन 69 का स्कोर बनाया, जबकि राशिद ने दिन का सर्वश्रेष्ठ 67 का कार्ड खेलकर अच्छी वापसी की।
एशियाई टूर पर सबसे कम उम्र के भारतीय विजेता कोलकाता के विराज मदप्पा (69-71-71) दो अंडर 211 के स्कोर के साथ ग्रेटर नोएडा के अर्जुन शर्मा (71-70-70) के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
भाषा आनन्द मोना
मोना