आईपीएल 2009 फेमा मामले में राहत के बाद ललित मोदी बना रहे हैं भारत वापसी की योजना

आईपीएल 2009 फेमा मामले में राहत के बाद ललित मोदी बना रहे हैं भारत वापसी की योजना

आईपीएल 2009 फेमा मामले में राहत के बाद ललित मोदी बना रहे हैं भारत वापसी की योजना
Modified Date: July 22, 2026 / 07:30 pm IST
Published Date: July 22, 2026 7:30 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने बुधवार को कहा कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) से जुड़े 2009 के आईपीएल दक्षिण अफ्रीका मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से बड़ी कानूनी राहत मिलने के बाद वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत आने की योजना बना रहे हैं।

मोदी ने इस फैसले को 16 साल लंबी कानूनी लड़ाई में अपनी जीत बताया।

सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में मोदी ने कहा कि न्यायाधिकरण के फैसले ने आखिरकार इस मामले में उनके रुख के पीछे की सच्चाई को सामने ला दिया है।

मोदी ने कहा, ‘‘मैं इस फैसले से बहुत खुश हूं। यह सचमुच में मेरे लिए एक शानदार दिन है। मैंने 16 साल तक लड़ाई लड़ी है और मीडिया तथा सभी लोगों से जो कुछ कहता आया हूं, वह आखिरकार सच साबित हुआ है। ’’

तस्करी और विदेशी मुद्रा हेरफेर करने वाले (संपत्ति की जब्ती) अधिनियम (साफेमा) के तहत गठित अपीलीय न्यायाधिकरण ने मंगलवार को 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा ललित मोदी और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अन्य पूर्व अधिकारियों पर लगाए गए प्रमुख जुर्माने को रद्द कर दिया।

न्यायाधिकरण ने माना कि संबंधित विदेशी धन प्रेषण (फॉरेन रेमिटेंस) चालू खाते (करंट अकाउंट) लेनदेन थे, जिनके लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की पूर्व अनुमति आवश्यक नहीं थी। साथ ही यह भी कहा गया कि बीसीसीआई द्वारा विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के अनुपालन को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ललित मोदी की नहीं थी।

2010 में भारत छोड़ने के बाद से विभिन्न जांच के बीच लंदन में रह रहे मोदी ने कहा कि अब यह कानूनी अध्याय समाप्त हो चुका है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता हूं और भारत लौटने का इंतजार कर रहा हूं। हां, मैं संभवतः इस साल के अंत में या अगले साल की शुरुआत में भारत आऊंगा। अक्टूबर में मेरी बेटी मां बनने वाली है। उम्मीद है कि सब कुछ अच्छा रहेगा और मैं भारत वापस आऊंगा। ’’

एक अलग पोस्ट में मोदी ने कहा कि लंबे समय तक विदेश में रहने के बावजूद भारत हमेशा उनके दिल के करीब रहा है।

उन्होंने लिखा, ‘‘भारत हमेशा मेरी पहचान का हिस्सा रहा है। कानूनी प्रक्रिया अपने निष्कर्ष तक पहुंच चुकी है और मैं उसका सम्मान करता हूं। मैं फिर से अपने देश जाने, समय-समय पर पुराने दोस्तों से मिलने और हर संभव सकारात्मक तरीके से योगदान देने के लिए उत्सुक हूं। ’’

मोदी (62 वर्ष) ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका स्थायी निवास लंदन ही रहेगा।

उन्होंने लिखा, ‘‘मेरा घर लंदन में ही है और मैं वहीं रहना जारी रखूंगा, लेकिन भारत के लिए मेरे दिल की धड़कन कभी नहीं रुकी। ’’

आईपीएल के सूत्रधार माने जाने वाले मोदी ने कहा कि 2009 की पूरी घटना के दौरान उनके सभी फैसलों का उद्देश्य केवल टूर्नामेंट के हितों की रक्षा करना था।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे सिर्फ आईपीएल की भलाई की चिंता थी और किसी दूसरी चीज की नहीं। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण आईपीएल ही था। ’’

यह मामला भारत में 2009 के लोकसभा चुनावों के साथ तारीखें टकराने के कारण आईपीएल सत्र को दक्षिण अफ्रीका स्थानांतरित किए जाने से जुड़ा था।

ईडी ने आरोप लगाया था कि इस टूर्नामेंट से जुड़े विदेशी मुद्रा लेन-देन में फेमा के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ था। हालांकि अपीलीय न्यायाधिकरण ने इन आरोपों के मुख्य आधार को खारिज करते हुए ललित मोदी और अन्य अधिकारियों को राहत प्रदान की।

भाषा नमिता

नमिता


लेखक के बारे में