सिंधू ने हुड्डा की चुनौती पार की, शेट्टी ने 11वें नंबर के खिलाड़ी फरहान को हराकर उलटफेर किया
सिंधू ने हुड्डा की चुनौती पार की, शेट्टी ने 11वें नंबर के खिलाड़ी फरहान को हराकर उलटफेर किया
चांगझोउ, 22 जुलाई (भाषा) भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू ने बुधवार को यहां हमवतन किशोरी उन्नति हुड्डा की कड़ी चुनौती को पार करते हुए चाइना ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बनाई जबकि आयुष शेट्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए दुनिया के 11वें नंबर के खिलाड़ी अल्वी फरहान को हरा दिया।
जापान ओपन जीतकर दो साल के खिताबी सूखे को खत्म करने वाली सिंधू को 18 वर्षीय उन्नति के खिलाफ कड़ी मेहनत करनी पड़ी। उन्होंने 56 मिनट तक चले महिला एकल मुकाबले में उन्नति को 21-14, 9-21, 21-10 से शिकस्त दी।
उन्नति ने पहले गेम में सिंधू को कड़ी टक्कर दी और स्कोर 7-7 तक बराबरी पर रखा। इसके बाद सिंधू ने लय हासिल करते हुए पांच अंक जीतकर 12-8 की बढ़त बना ली और पहला गेम 21-14 से अपने नाम किया।
दूसरे गेम में उन्नति ने शानदार वापसी की। 2-2 की बराबरी के बाद उन्होंने 6-3 की बढ़त बनाई और फिर लगातार छह अंक जीतकर स्कोर 12-4 कर दिया। सिंधू इस दौरान लय हासिल नहीं कर सकीं और उन्नति ने दूसरा गेम एकतरफा अंदाज में 21-9 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया।
सिंधू ने हालांकि तीसरे गेम में अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए जोरदार वापसी की। उन्होंने स्कोर 6-3 से 10-5 तथा फिर 15-8 तक पहुंचाया। अंत में सिंधू ने तीसरा गेम 21-10 से जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्री क्वार्टर फाइनल में सिंधू का सामना चौथी वरीयता प्राप्त घरेलू खिलाड़ी चेन यूफेई से होगा। सिंधू ने पिछले सप्ताह जापान ओपन के सेमीफाइनल में चेन को सीधे गेमों में हराया था। हालांकि दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों में चेन को 8-7 की मामूली बढ़त हासिल है।
आयुष शेट्टी ने इंडोनेशिया के पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन अल्वी फरहान को 17-21, 21-5, 21-17 से हराकर पुरुष एकल के पहले दौर के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक को अंजाम दिया। 57 मिनट तक चले मुकाबले में शेट्टी पहला गेम हार गए थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम पूरी तरह अपने नियंत्रण में रखा। निर्णायक गेम में उन्होंने धैर्य बनाए रखा और यादगार जीत दर्ज की।
हालांकि युगल में भारतीय जोड़ियां बाहर हो गईं।
पुरुष युगल में हरिहरन अम्साकरुणन और एम आर अर्जुन की जोड़ी को चीन के लियांग वेई केंग और वांग चांग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी 30 मिनट से भी कम समय में 16-21, 7-21 से मुकाबला हार गई।
मिश्रित युगल में रोहन कपूर और रुत्विका शिवानी को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग की जोड़ी से 9-21, 16-21 से हार मिली।
वहीं ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को पांचवीं वरीय चीनी जोड़ी गुओ शिन वा और चेन फांग हुई के खिलाफ 41 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 18-21 से पराजय मिली।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर

Facebook


