लियाम डॉसन ने कहा, इंग्लैंड बहुत अच्छी स्थिति में

लियाम डॉसन ने कहा, इंग्लैंड बहुत अच्छी स्थिति में

लियाम डॉसन ने कहा, इंग्लैंड बहुत अच्छी स्थिति में
Modified Date: February 23, 2026 / 08:49 pm IST
Published Date: February 23, 2026 8:49 pm IST

पाल्लेकल, 23 फरवरी (भाषा) इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम डॉसन ने सोमवार को कहा कि टी20 विश्व कप के ग्रुप चरण में मिले-जुले प्रदर्शन के बावजूद उनकी टीम बहुत अच्छी स्थिति में है।

इंग्लैंड को ग्रुप चरण में संघर्ष करना पड़ा। उसे नेपाल और स्कॉटलैंड के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए आखिर तक जूझना पड़ा जबकि वेस्टइंडीज ने उसे 30 रन से हराया।

इंग्लैंड की टीम ने हालांकि सुपर आठ के अपने पहले मैच में श्रीलंका को 51 रन से हराया और अब उसका सामना मंगलवार को पाकिस्तान से होगा।

डॉसन ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले पत्रकारों से कहा, ‘‘श्रीलंका के खिलाफ गेंदबाजी में हमने जिस तरह का अच्छा प्रदर्शन किया उससे पता चलता है की टीम बहुत अच्छी स्थिति में है।’’

इंग्लैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 146 रन ही बना पाई लेकिन उसने श्रीलंका को 95 रन पर आउट कर दिया। उसके स्पिनरों ने 10 में से सात विकेट लिए।

विल जैक्स ने तीन जबकि आदिल राशिद और डॉसन ने दो-दो विकेट लिए।

डॉसन ने कहा, ‘‘हम अलग-अलग तरह के स्पिनर हैं। जैक्सी को बहुत ज्यादा ओवरस्पिन और उछाल मिलती है। डिली (राशिद) के पास अपनी अलग तरह की विविधताएं हैं। मुझे इन दोनों की तरह उछाल नहीं मिलती।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान के खिलाफ हमें अलग तरह की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। हो सकता है हमें बल्लेबाजी के लिए बेहतर विकेट मिले।’’

डॉसन ने कहा, ‘‘हमारे पास (जैकब) बेथेल समेत चार अच्छे स्पिनर हैं। हमने अतीत में यहां की परिस्थितियों का फायदा उठाया है। अगर मंगलवार को विकेट बल्लेबाजी के लिए अनुकूल रहा तो हमें अलग तरह की रणनीति बनानी होगी और उसी तरह से खेलना होगा।’’

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में