कराची, 12 मई (भाषा) बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में करारी शिकस्त मिलने के बाद आलोचनाओं से घिरे पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान शान मसूद ने मंगलवार को घबराहट में कोई प्रतिक्रिया देने से बचने की सलाह दी है।
बांग्लादेश ने ढाका में खेले गए टेस्ट मैच में पाकिस्तान को 104 रन से हराया।
मसूद दिसंबर 2023 से टेस्ट में पाकिस्तान की कप्तानी कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में टीम को 15 मैचों में 11 हार का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ मैच गंवाने के बाद कहा कि वह कोई बहाना नहीं बनाएंगे, लेकिन पाकिस्तान काफी लंबे अंतराल के बाद टेस्ट मैच खेल रहा है।
मसूद ने ढाका में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ निश्चित रूप से जवाबदेही होनी चाहिए और सभी को जिम्मेदारी लेनी होगी। मैं किसी पर दोषारोपण करने में विश्वास नहीं करता हूं। इस तरह से टेस्ट हारना निराशाजनक है, क्योंकि एक समय मुझे लगा कि हम ड्रॉ हासिल करने की स्थिति में थे।”
उन्होंने कहा, “हमने पिछले साल वेस्टइंडीज की मेजबानी करने के लगभग 12 महीने बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। हम लगभग छह महीने के अंतराल के बाद बांग्लादेश आए हैं, इसलिए हमें इन सभी बातों को ध्यान में रखना होगा।”
उन्होंने कहा, “सिर्फ टीम में बदलाव करना, खिलाड़ियों को बाहर करना या सिर्फ युवा खिलाड़ियों को खिलाना कोई समाधान नहीं है।”
उन्होंने कहा कि हर कप्तान की तरह वह भी एक मजबूत टेस्ट टीम बनाना चाहते हैं।
मसूद ने कहा कि टीम के खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग सत्र के बाद टेस्ट में आए हैं, लेकिन यह कोई बहाना नहीं है।
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि हम अभी भी श्रृंखला ड्रॉ करने की स्थिति में हैं और हमें आत्मचिंतन करना होगा। आज के दौर के क्रिकेटर के तौर पर सभी खिलाड़ियों को सफेद गेंद से लाल गेंद के क्रिकेट प्रारूप में ढलना होगा।”
बांग्लादेश ने इससे पहले 2024 में पाकिस्तान को उसके घरेलू मैदान पर टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से शिकस्त दी थी। उस समय भी मसूद टीम के कप्तान थे।
भाषा आनन्द मोना
मोना