मधुरिमा सावंत की अगुआई में तुमकुरु ओपन में भारतीय खिलाड़ियों का प्रभावी प्रदर्शन

मधुरिमा सावंत की अगुआई में तुमकुरु ओपन में भारतीय खिलाड़ियों का प्रभावी प्रदर्शन

मधुरिमा सावंत की अगुआई में तुमकुरु ओपन में भारतीय खिलाड़ियों का प्रभावी प्रदर्शन
Modified Date: May 5, 2026 / 07:08 pm IST
Published Date: May 5, 2026 7:08 pm IST

तुमकुरु, पांच मई (भाषा) मधुरिमा सावंत ने मारिया मिखाइलोवा के खिलाफ तीन सेटों में जोरदार जीत के साथ मंगलवार को यहां आईटीएफ डब्ल्यू 35 तुमकुरु ओपन टेनिस टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों की अगुआई की।

मधुरिमा ने नियंत्रण और जुझारूपन का बेहतरीन नजारा पेश करते हुए मिखाइलोवा को 6-2, 3-6, 6-1 से हराया।

भारतीय खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में संदीप्ति सिंह राव ने यशस्विनी पंवार को 6-3, 6-4 से हराया। पूजा इंगले ने भी तीन सेट चले कड़े मुकाबले में डेनिका फर्नांडो को 7-5, 1-6, 6-4 से मात दी।

सोनल पाटिल ने पहले दौर के एकतरफा मुकाबले में क्वालीफायर स्निग्धा कांता को 6-0, 6-3 से आसानी से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया।

विदेशी खिलाड़ियों में जेनिया लास्कुतोवा ने सातवीं वरीयता प्राप्त मिचिका ओजेकी के खिलाफ 6-3, 7-6 से जीत दर्ज की जबकि पांचवीं वरीयता प्राप्त एलिना नेप्ली ने हर्षिनी एन नागराज को 6-4, 6-1 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

महिला युगल के प्री क्वार्टर फाइनल में वैदेही चौधरी और जुजाना पावलिकोवस्का की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने मिखाइलोवा और संदीप्ति की जोड़ी को 6-1, 6-2 से हराया।

श्राव्या शिवानी चिलकलापुडी और जील देसाई की चौथी वरीयता प्राप्त भारतीय जोड़ी ने यशस्विनी पंवार तथा बेला ताम्हणकर की जोड़ी को 6-0, 6-2 से आसानी से हरा दिया।

युगल में ऐश्वर्या जाधव और आकृति नारायण सोनकुसारे ने उलटफेर करते हुए एरिना आरिफुलिना और एकातेरिना याशिना की दूसरी वरीय जोड़ी को 6-4, 7-5 से हराया।

मेजबान टीम को एकमात्र झटका तब लगा जब श्रीनीति चौधरी और मेघना जीडी की जोड़ी को जेनिया लास्कुतोवा और एलिना नेप्ली के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

भाषा सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में