मनिका बत्रा विवाद से शरत ने काटी कन्नी, कहा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ही देश के लिये खेलें
मनिका बत्रा विवाद से शरत ने काटी कन्नी, कहा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ही देश के लिये खेलें
नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) भारत के महान टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल ने एशियाई खेलों के लिये मनिका बत्रा का चयन नहीं किये जाने को लेकर पैदा हुए विवाद से कन्नी काटते हुए कहा कि पदक जीतने के लिये सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को ही देश का प्रतिनिधित्व करना चाहिये ।
शरत ने हालांकि कहा कि टीम चयन पर सवाल उठना कोई नयी बात नहीं है लेकिन उम्मीद जताई कि उन्हें टीम में लाया जा सकता है ।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा ,‘‘ मैं इस पर ज्यादा नहीं कह सकता क्योंकि मैं चयन समिति का हिस्सा नहीं हूं । लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी टीम में हों ताकि भारत पदक जीत सके ।’’
उन्होंने आईओए की एथलीट फोरम के दूसरे सत्र से इतर कहा ,‘‘ अभी यह खत्म नहीं हुआ है ।उन्हें टीम में लाने के रास्ते हो सकते हैं लेकिन इस पर फैसला लेना मेरा काम नहीं है ।’’
भारत की सबसे मशहूर टेबल टेनिस स्टार मनिका को बृहस्पतिवार को इस साल के एशियाई खेलों के लिए चुनी गई टीम से बाहर रखा गया क्योंकि वह भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) द्वारा निर्धारित चयन मानदंड पर खरी नहीं उतर सकीं।
मनिका ने घरेलू प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं लिया जिसके कारण वह टीटीएफआई रैंकिंग में शामिल नहीं हो सकीं।
भाषा
मोना नमिता
नमिता

Facebook


